विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में पूर्व पंचायत सचिव को कार ने मारी टक्कर, ओवरटेक के चक्कर में गई जान; ग्रामीणों ने NH-27 किया जाम

Published: Mon, 31 Aug 2026 11:10 AM (IST)

फुलपरास में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक सेवानिवृत्त पंचायत सचिव ब्रजनंदन यादव की मौके पर ही मौत हो ...और पढ़ें

एनएच जाम। फोटो जागरण

एनएच जाम। फोटो जागरण  

HighLights

  1. फुलपरास में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पंचायत सचिव को रौंदा।

  2. सेवानिवृत्त ब्रजनंदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए NH-27 जाम किया।

जागरण संवाददाता, फुलपरास (मधुबनी)। फुलपरास में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ट्रक को ओवरटेक कर रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सेवानिवृत्त पंचायत सचिव को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक एनएच 27 को जाम रखा।

मृतक की पहचान फुलपरास पुरवारी टोल निवासी 70 वर्षीय ब्रजनंदन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजनंदन यादव किसी कार्य से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।

स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें फुलपरास अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने मुआवजे और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर एनएच 27 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर पहुंची फुलपरास थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर एक घंटे बाद जाम हटवाया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है।

थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और स्कॉर्पियो दोनों को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पटना में शराब पार्टी के बाद चार मौतों की गुत्थी उलझी, पांचवें गिलास ने बढ़ाया रहस्य; डॉक्‍टर ने द‍िए ये संकेत