एकता व अखंडता का लिया संकल्प
मधुबनी। संत रविदास महासंघ के द्वारा झंझारपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर साहब की प्रतिमा स्थल पर संविधान दिवस मनाया गया।
मधुबनी। संत रविदास महासंघ के द्वारा झंझारपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर साहब की प्रतिमा स्थल पर संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिमा के समक्ष महासंघ से जुड़े लोगों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद एक बैठक की गई, जिसकी अध्यक्षता अनुमंडल अध्यक्ष डा. तेजी लाल राम ने की। बैठक में महासंघ के मार्गदर्शक नथुनी राम का पाग व दोपटा से सम्मान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश आज संविधान दिवस मना रहा है। संविधान में डॉ. साहब ने देश के सभी वर्गों के लोगों के उत्थान की व्यवस्था की। खासकर कमजोर वर्गों को मुख्य धारा में लाने के लिए डा. साहब ने विशेष व्यवस्था की जिससे दबे कुचले लोगों का आज भी उत्थान हो रहा है। संरक्षक एन बी राम ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। डॉ. आंबेडकर को उन्होंने दूरद्रष्टा एवं वर्तमान समाज का उद्धारक बताया। लोगों ने कहा कि असली संविधान दिवस मनाना तभी सार्थक होगा जब इस देश में जात,पात का भेद मिटेगा और सबों को समान भाव से सरकार और समाज दोनों देखेगी। बैठक को जितेंद्र कुमार, अजय कुमार आजाद, रामाशीष राम, रामचंद्र राम, श्रीनारायण राम, रामेश्वर राम, सुरेश सदाय, रामप्रसाद राम, संजय कुमार, राजेंद्र राम, पवन राम, सत्यनारायण राम, छेदी राम सहित अन्य ने संबोधित किया। इस अवसर पर संत रविदास के द्वारा चलाए गए सामाजिक आंदोलन की भी चर्चा की गई।