रामनगर के नजदीक भुतही के कटाव से लोग भयभीत
भुतही बलान नदी के पूर्वी किनारा पर तटबंध का निर्माण नहीं होने से रामनगर पंचायत के आधा दर्जन गांव सहित क्षेत्र के दर्जनों गांव प्रत्येक वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलने को मजबूर हैं।
मधुबनी। भुतही बलान नदी के पूर्वी किनारा पर तटबंध का निर्माण नहीं होने से रामनगर पंचायत के आधा दर्जन गांव सहित क्षेत्र के दर्जनों गांव प्रत्येक वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलने को मजबूर हैं। इधर भुतही बलान नदी में रामनगर के नजदीक हो रहे भीषण कटाव से क्षेत्रवासी भयभीत हैं। इलाके के भव्य दुर्गा मंदिर पर भी खतरा मंडराने लगा है।
बता दें कि भुतही बलान नदी पर 23 प्वाइंट से लेकर 25 किलोमीटर तक वर्षो से तटबंध निर्माण अधर में लटका हुआ है, जिससे संबंधित क्षेत्रवासियों के बाढ़ की समस्या मुंह बाए खड़ी रहती है। उपरोक्त समस्याओं के निराकरण के लिए शुक्रवार को क्षेत्रीय सांसद वीरेन्द्र कुमार चौधरी एवं एसडीओ गणेश कुमार की उपस्थिति में क्षेत्रवासियों की एक बैठक विजय कुमार, चंदश्वर यादव की अध्यक्षता में दुर्गा मन्दिर परिसर रामनगर में की गई। ग्रामीणों की समस्या सुनने एवं कटाव स्थल का निरीक्षण करने के बाद सांसद श्री चौधरी ने कहा कि नदी की धारा मुड़ गई है और कटाव भी बडी तेजी से हो रहा है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो भारी नुकसान होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। सांसद ने सभी समस्याओं से बाढ नियंत्रण के कार्यपालक अभियंता श्याम कुमार यादव को अवगत कराते हुए कटाव स्थल पर 24 घंटा के अन्दर प्रोटेक्शन वाल देने का निर्देश दिया।
सांसद श्री चैधरी ने कहा कि तटबन्ध निर्माण में आ रही तकनीकी समस्या को दूर करने हेतु सकरात्मक प्रयास किया जा रहा है एवं बरसात के बाद तटबन्ध का निर्माण करवाना प्राथमिकता में शामिल है। एसडीओ गणेश कुमार ने कहा समस्या गंभीर है। प्रतिवेदन भेजकर डीएम साहब को अवगत कराया जाएगा। बैठक में पूर्व मुखिया देवनारायण कामत, मुखिया पति विष्णुदेव शर्मा, शिक्षाविद योगेन्द्र यादव,उपेन्द्र नारायण कामत,संतोष राज,रासबिहारी यादव,मणिभूषण यादव,गंगाप्रसाद यादव,मिश्रीलाल यादव,राजेन्द्र चैधरी,रामसेवक यादव सहित सैकडों क्षेत्रवासी के अलावा भाजपा नेता पंकज चैधरी,भवेष ¨सह सहित भाजपाई उपस्थित थे।