जिले के 7,273 लोगों को होम क्वारंटाइन में रखने का आदेश
मधुबनी। जिला पदाधिकारी डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने जिले के 7273 लोगों को 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रखने का आदेश दिया है।
मधुबनी। जिला पदाधिकारी डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने जिले के 7,273 लोगों को 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रखने का आदेश दिया है। ये वैसे लोग हैं जो बीते 10 मार्च से 22 मार्च के बीच विदेशों, अन्य प्रदेशों या बाहर से घर लौटे थे। डीएम ने उक्त अवधि में बाहर से आए व्यक्तियों व प्रवासियों को चिह्नित क्वारंटाइन होम में रखने हेतु जिले के सभी पीएचसी प्रभारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को आदेश दिया है। घर-घर सर्वे कराने पर पता चला है उक्त अवधि में 7,273 लोग विदेशों, अन्य प्रदेशों अथवा बाहर से वापस अपने घर लौटे हैं। ऐसे व्यक्तियों का नाम-पता समेत अन्य विवरण बीसीआइएमएस डॉट इन में इंट्री भी की जा चुकी है। जिन्हें 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रखना सुनिश्चित करने का आदेश डीएम ने दिया है। कार्यपालक सहायक एवं एएनएम से निगरानी कराने का भी आदेश दिया है। यदि होम क्वारंटाइन अवधि में कोरोना का कोई लक्षण दिखे तो पीएचसी प्रभारी को संबंधित व्यक्ति का जांच करने का भी आदेश दिया है।