सूबे की नीतीश सरकार हर मोर्चे पर विफल
राजद की फुलपरास प्रखंड इकाई ने 23 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
मधुबनी। राजद की फुलपरास प्रखंड इकाई ने 23 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रखंड राजद अध्यक्ष डॉ. धनवीर यादव की अध्यक्षता में आयोजित धरना को संबोधित करते हुए राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल ने कहा कि बीते 6 सितंबर 2018 को अनुसूचित जाति एवं जन जाति अत्याचार निवारण इस कानून के विरुद्ध में सवर्ण मोर्चा के द्वारा जो भारत बंद के नाम पर उपद्रव किया गया वह आरएसएस और भाजपा के द्वारा प्रायोजित था। क्योंकि प्रथम तो एक ओर इस कानून को बनाकर भाजपा मोदी की सरकार अपना पीठ स्वयं थपथपा रही है तो दूसरी ओर सवर्ण मोर्चा के द्वारा इस प्रकार भारत बंद के द्वारा उपद्रव करवाकर अनुसूचित जाति जनजाति लोगों के मन में भय पैदा कर अपने प्रति सहानुभूति पैदा करना चाहती है। कहा कि भाजपा की मोदी सरकार इस मामले में एक तीर से दो शिकार कर रही है, जो देश के लिए घातक है। सांसद श्री मंडल ने सूबे के नीतीश सरकार को हर मामले पर विफल करार देते हुए जमकर हमला किया।
धरनार्थी की प्रमुख मांग में मुजफ्फरपुर बाल सुधार गृह में हुए सामूहिक बलात्कार कांड के दोषियों को फांसी पर लटकाने एवं मधुबनी बाल सुधार गृह से गायब लड़कियों का पता लगाकर उससे संबद्ध दोषी व्यक्तियों को जेल में डालने, समयबद्ध तरीके से वृद्धावस्था, विधवा तथा निश्शक्त पेंशन के भुगतान की एक सुनिश्चित व व्यावहारिक व्यवस्था की गारंटी देने की मांग शामिल है। धरना को जिला अध्यक्ष रामबहादुर यादव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य देव नारायण यादव, रघुवंश मंडल, पवन कुमार, दिगम्बर मंडल, उमेश यादव, रामचंद्र यादव ¨बदेश्वर मंडल, तेतर यादव, रत्नेश्वर यादव, राम नरेश यादव, मोहन कुमार सहित राजद के नेताओं ने संबोधित किया।