शव के साथ ससुरालवालों को बनाया बंधक
झंझारपुर आरएस ओपी के पथराही रामजानकी मंदिर पर उस समय रविवार देर संध्या अफरातफरी मच गई जब पथराही के लोगों ने एक महिला का शव घेर लिया तथा उसके ससुराल पक्ष के दो लोगों को बंधक बना लिया।
मधुबनी। झंझारपुर आरएस ओपी के पथराही रामजानकी मंदिर पर उस समय रविवार देर संध्या अफरातफरी मच गई जब पथराही के लोगों ने एक महिला का शव घेर लिया तथा उसके ससुराल पक्ष के दो लोगों को बंधक बना लिया। घेरनेवाले लोग महिला के मायके पक्ष के हैं। स्थित इतनी बिगड़ गई कि भीड़ बंधक बनाए गए दो लोगों जिसमें एक मृतका का ससुर तथा संबंधी था को मारने पर उतारू थे। सूचना पर तत्काल आरएस ओपी पुलिस पहुंच गई और भीड़ से निकालकर उक्त दोनों को मंदिर के ग्रील के अंदर ताला बंद कर सुरक्षित रखा। भीड़ मरने मारने पर उतारू थी। पुलिस लोगों से काफी देर तक मिशक्कत करती देखी गई। कुछ देर बाद झंझारपुर थाना एवं लखनौर थाना पुलिस भी पहुंची। काफी मान मनौव्वल के बाद लोग मान गए। लोगों की मांग थी कि महिला की हत्या का मुकदमा दर्ज होने से लड़की पक्ष को कोई फायदा नहीं होने वाला है। लोग कानून हाथ में लेने पर उतारू थे और मृतका के ससुर को मारने के प्रयास में थे। पुलिस ने अंतत: लोगों को समझाने में सफलता पाई। पुलिस ने कहा कि इस मामले में रविवार को ही हत्या की प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। मृतका के ससुर, पति एवं सास को नामजद किया गया है। यहां यह बता दें कि रविवार सुबह छह माह पूर्व ब्याही गई अर्चना कुमारी को किसी विषैले जंतु के काटने की आशंका में मधेपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत खराब होने पर उसे अनुमंडल अस्पताल लाया गया। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। अन्त्यपरीक्षण के बाद शव उसके ससुराल पक्ष के लोग अपने यहां पूरे रमचन्द्रा ले जा रहे थे। ताकि शव का अंतिम संस्कार किया जाए। इसी बीच लोगों ने शव को घेर लिया तथा दो को बंधक बना लिया।