मधुबनी में रास्ते में घेरकर युवक को मारी गोली, वारदात के बाद अपराधी फरार
मधुबनी के लदनियां थाना क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात अपराधियों ने केशवर सिंह नामक एक युवक को गोली मार दी, ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
लदनियां में युवक केशवर सिंह को गोली मारी गई।
गोली लगने से युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अज्ञात अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
जागरण संवाददाता, लदनियां(मधुबनी)। लदनियां थाना क्षेत्र में मंगलवार को अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई। खाजेडीह-चिकनोटवा गांव के बीच करीब आठ बजे अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी।
गोली लगते ही युवक घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल लदनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गोली लगने से युवक की हालत गंभीर बताई गई। स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया।
भुतहा गांव का रहने वाला है युवक
घायल की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के भुतहा गांव निवासी केशवर सिंह (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उसके स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। गोली लगने के बाद युवक की हालत को लेकर स्वजन चिंतित हैं।
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लदनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
