मधुबनी के रहिका में 56 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, एसटीएफ और पुलिस की कार्रवाई
Bihar Crime News: रहिका पुलिस और एसटीएफ ने नाजीरपुर में वाहन चेकिंग के दौरान 56 जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोपित राइफल के कारतूस की सप्लाई करता था और पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार की है।
संवाद सहयोगी, रहिका (मधुबनी)। Madhubani Cartridges Recovery: रहिका थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नाजीरपुर में वाहन चेकिंग के दौरान 56 जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान कलुआही थाना क्षेत्र के बेलाही वार्ड-6 निवासी नरेंद्र भारती, पिता जिवेश्वर भारती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित राइफल के कारतूस की सप्लाई करता था और पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार की है।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी
थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से कारतूस लेकर निकलने वाला है।
सूचना मिलते ही नाजीरपुर में घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 56 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल और बाइक भी जब्त की है। थानाध्यक्ष के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह राइफल के कारतूस की सप्लाई करता है।
हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस कहां सप्लाई होना था, इसे लेकर पुलिस ने अभी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस आरोपित के नेटवर्क और पूर्व में की गई कारतूस की सप्लाई चेन की जांच में जुटी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
