मधुबनी में वोटर लिस्ट का होगा मिलान, छूटे नामों की पहचान के लिए 4 विशेष शिविर
Madhubani Voter List : मधुबनी में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य तेज हो गया है। पुरानी और वर्तमान ...और पढ़ें

विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते सदर एसडीएम चंदन कुमार झा सहित अन्य अधिकारी: जागरण
जागरण संवाददाता, मधुबनी। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसके तहत पूर्व और वर्तमान मतदाता सूची का बूथवार मिलान कर उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पुरानी सूची में शामिल थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं।
इस कार्य को लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
बैठक में एसडीओ ने विभागीय पत्रांक 5479, दिनांक 30 सितंबर 2026 से जारी अद्यतन निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसआइआर से पूर्व की निर्वाचक सूची का वर्तमान सूची से मतदान केंद्रवार मिलान किया जाएगा।
इसके लिए बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) द्वारा तैयार एएसडी सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची से छूटे लोगों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी।
चार रविवार को लगेंगे विशेष शिविर
एसडीओ ने बताया कि मतदाता सूची के सत्यापन और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए आगामी चार रविवार को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इन शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आम लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
हर बूथ पर बीएलए की नियुक्ति जरूरी
बैठक में सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता नियुक्त करने का आग्रह किया गया। एसडीओ ने कहा कि बीएलए की भागीदारी से सत्यापन प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पूरी प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
