मधुबनी के दो बच्चों की बदली किस्मत, अब छपरा और कोलकाता में मिलेगा दुलार
मधुबनी के विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान से दो बच्चों को नया परिवार मिला है। एक बालक को छपरा और एक बालिका को कोलकाता के दंपतियों ने गोद लिया।

बच्चों का दत्तक ग्रहण प्रमाण पत्र सौंपते डीएम आनंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी। सौ. डीपीआरओ
HighLights
मधुबनी से दो बच्चों को नया परिवार मिला।
एक बालक छपरा, एक बालिका कोलकाता गोद ली गई।
डीएम आनंद शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। किसी बच्चे के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि उसे एक ऐसा घर मिले, जहां उसे माता-पिता का प्यार, अपनों का साथ और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
मधुबनी के विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान में आवासित दो बच्चों के जीवन में बुधवार को खुशियों की नई शुरुआत हुई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक बालक और एक बालिका को नया परिवार मिला। अब दोनों बच्चों को माता-पिता का स्नेह और पारिवारिक माहौल मिलेगा।
एक को छपरा, दूसरी कोलकाता में मिला आशियाना
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की उपस्थिति में दोनों बच्चों को योग्य एवं इच्छुक दत्तक माता-पिता को दत्तक पूर्व पालन-पोषण एवं देखरेख के लिए सौंपा गया। एक बालक को सारण (छपरा) के दंपती ने अपनाया, जबकि एक बालिका को कोलकाता के दंपती ने अपने परिवार का हिस्सा बनाया। दोनों दंपतियों ने बच्चों को पाकर प्रसन्नता जताई।
बच्चों को मिलेगा सुरक्षित भविष्य
इस अवसर पर डीएम आनंद शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि दत्तक ग्रहण जरूरतमंद बच्चों को परिवार का स्नेह, सुरक्षा और संरक्षण देने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे बच्चों को पारिवारिक वातावरण में पलने-बढ़ने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल के बेहतर अवसर मिलते हैं।
कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ दत्तक ग्रहण
दत्तक ग्रहण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और स्थायी पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करना है। दंपतियों ने प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक नितेश कुमार पाठक, बाल संरक्षण पदाधिकारी अजय कुमार राय, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान के समन्वयक भवेश कुमार झा, बाल कल्याण समिति एवं विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।