मधुबनी में टेम्पो-स्कॉर्पियो की टक्कर में दो युवकों की मौत, शव रखकर शहीद चौक जाम
मधुबनी के जयनगर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जब उनके टेम्पो की स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर शहीद चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।
जागरण संवाददाता, जयनगर (मधुबनी)। शादी समारोह में खाना परोसकर घर लौट रहे दो युवकों की गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। जयनगर थाना क्षेत्र के कमला वाड़ी पिपरा टोल के पास टेम्पो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने दोनों शवों को शहीद चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। लोग आरोपी स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
टक्कर इतनी भीषण, मौके पर ही गई जान
मृतकों की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के राजपूताना मुहल्ला वार्ड नंबर तीन निवासी रोहित कुमार कामत (20) और अमरेन्द्र कुमार पासवान (19) के रूप में हुई है।
दोनों युवक ललमनिया थाना क्षेत्र में विवाह समारोह में खाना परोसने का काम करने के बाद गुरुवार की सुबह टेम्पो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कमला वाड़ी पिपरा टोल के पास एनएच 227 पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर सड़क जाम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन और ग्रामीण शव लेकर शहीद चौक पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने हादसे के आरोपी स्कॉर्पियो चालक को छोड़ दिया है। इसी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
सड़क जाम कर रहे ग्रामीण आरोपी स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम हटाने की कोशिश में जुटे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।