ऑटो में बैठकर यात्रियों को बनाती थी शिकार, समस्तीपुर में 3 महिला चोर गिरफ्तार
मधुबनी नगर थाना पुलिस ने ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं से चोरी करने वाली समस्तीपुर की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिलाएं। फोटो जागरण
HighLights
मधुबनी पुलिस ने तीन महिला ऑटो चोरों को किया गिरफ्तार।
ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को बनाती थीं शिकार।
चोरी का सोने का लॉकेट और नकद रुपये बरामद।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। नगर थाना पुलिस ने ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर जिले की शकुंतला देवी, नेहा देवी एवं बिहुला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी गया सोने का लॉकेट और साढ़े पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तीनों आरोपित अलग-अलग समय में ऑटो में सवार महिलाओं से चोरी की घटना को अंजाम देती थीं।
महंथी लाल चौक निवासी कांति देवी ऑटो से सफर कर रही थीं। इसी दौरान आरोपितों ने उनके गले से लॉकेट निकाल लिया। वहीं, गांधी चौक निवासी सरिता देवी के ऑटो से सफर करने के दौरान उनका पर्स चोरी कर लिया गया। पर्स में साढ़े पांच हजार रुपये रखे थे।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर चोरी गया लॉकेट और रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर ऑटो में चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- सारण के मांझी में देर रात युवक को लगी गोली, गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
