Madhubani News : जिस दिन समधी बनने की थी खुशी, उसी दिन मां की चिता जलानी पड़ी
मधुबनी के हरलाखी में बेटे की शादी से ठीक पहले मां की ओलावृष्टि से मौत हो गई। खुशियों भरा घर ...और पढ़ें

मां को मुखाग्नि दिए इकलौता पुत्र बिहारी । जागरण
HighLights
बेटे की शादी से पहले मां का निधन
ओलावृष्टि के कारण खेत में हुई मौत
खुशियों भरा घर अचानक मातम में डूबा
संवाद सहयोगी, हरलाखी (मधुबनी)। घर में शादी की तैयारियों की रौनक चारों ओर फैली हुई थी। रिश्तेदारों का आना-जाना, बारात के स्वागत की योजनाएं और खुशियों की गूंज ने माहौल को उत्सव में बदल दिया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
जिस दिन परिवार को समधी बनने की खुशी मनानी थी, उसी दिन अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने सबकुछ छीन लिया। हंसी-खुशी के बीच ऐसा हादसा हुआ कि घर की खुशियां मातम में बदल गईं और बेटे की शादी से पहले मां की चिता को मुखाग्नि देनी पड़ी।
बिहारी सदा के घर में बेटे की शादी की चल रही थी तैयारी
बता दें कि प्रखंड अंतर्गत जिरौल नवटोली गांव निवासी 54 वर्षीय बिहारी सदा के घर में बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन हंसी खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बिहारी सदा कहते हैं, गुरुवार को बड़े पुत्र की शादी निर्धारित थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
जिस दिन समधी बनकर बेटे की शादी करवाता, उसी दिन मां को मुखाग्नि देनी पड़ी। बुधवार की शाम बारिश व ओलावृष्टि की चपेट में आने से बिहारी सदा की मां (75 वर्षीय) की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार (30 अप्रैल) के दिन बिहारी के बेटे सरोज सदा की शादी थी।
पूरा परिवार एक सप्ताह से शादी की तैयारी में जुटा था। बुधवार को करीब तीन बजे बिहारी की मां मवेशी के लिए चारा लाने खेत की तरफ निकल गईं। इसी बीच अचानक मूसलधार बारिश व ओलावृष्टि शुरू हो गई।
बारिश बंद होने के बाद बिहारी के परिवार को जानकारी मिली कि उसकी मां खेत में बेहोश पड़ी हुई है। आननफानन में सभी लोग मौके पर पहुंचकर वृद्धा को बगल के एक निजी क्लीनिक में ले गए, लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरे परिवार में मातम पसर गया।
