विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी के बासोपट्टी में खुलेगा सरकारी आईटीआई, युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:40 PM (IST)

मधुबनी के बासोपट्टी में राज्य मंत्रिपरिषद ने सरकारी आईटीआई खोलने की मंजूरी दी है। यह संस्थान छह ट्रेडों में तकनीकी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बासोपट्टी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना को मंजूरी मिली।

  2. युवाओं को इलेक्ट्रीशियन, फीटर सहित छह ट्रेडों में प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. तीन प्रखंडों के छात्रों को अब लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी।

जागरण संवाददाता, जयनगर (मधुबनी)। अब बासोपट्टी, खजौली और हरलाखी के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी नहीं होगी। घर के आसपास ही हुनर सीखकर रोजगार पाने का रास्ता आसान होने जा रहा है। मधुबनी के बासोपट्टी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की स्थापना को राज्य मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी है। इससे सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा का नया अवसर मिलेगा।

छह ट्रेड में मिलेगी ट्रेनिंग

राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार, बासोपट्टी में वित्तीय वर्ष 2027-28 से छह व्यवसायों में प्रशिक्षण शुरू करने का प्रस्ताव है। इनमें इलेक्ट्रीशियन, फीटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिजियोथैरेपी, वेल्डर और मैकेनिकल डीजल शामिल हैं। इन ट्रेडों के माध्यम से युवाओं को पारंपरिक तकनीकी कौशल के साथ आधुनिक तकनीक से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी।

हर साल खर्च होंगे 2.46 करोड़

संस्थान की स्थापना और संचालन के लिए प्रतिवर्ष दो करोड़ 46 लाख 16 हजार रुपये व्यय करने की स्वीकृति दी गई है। मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद संस्थान शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

तीन प्रखंडों के युवाओं को राहत

फिलहाल बासोपट्टी, खजौली और हरलाखी प्रखंड के विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए आईटीआई जयनगर जाना पड़ता है। भौगोलिक दूरी और सीमित संसाधनों के कारण विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी होती है। साथ ही समय और पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। बासोपट्टी में संस्थान खुलने से इन तीनों प्रखंडों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रोजगार और स्वरोजगार का खुलेगा रास्ता

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में आईटीआई की स्थापना से युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा रोजगार के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे। इससे मधुबनी के सीमावर्ती और पिछड़े इलाकों के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।