मधुबनी में अनोखी ठगी, केंद्रीय टीम का अधिकारी बनकर रोका, 22 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार
Madhubani Gold Chain Fraud: मधुबनी में दो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को केंद्रीय टीम का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति ...और पढ़ें

पीड़ित विनय कुमार शुक्ला और एसएसपी योगेंद्र कुमार।
HighLights
केंद्रीय टीम का अधिकारी बनकर मधुबनी में हुई ठगी।
बदमाशों ने 22 ग्राम सोने की चेन, अंगूठी ठगी।
आभूषणों की जगह रुमाल में पत्थर थमाकर फरार हुए।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Gold Jewelry Cheating: नगर थाना क्षेत्र के निधि चौक के समीप मंगलवार दोपहर दो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को केंद्रीय टीम का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से 22 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए।
बदमाशों ने अपराध बढ़ने का भय दिखाकर पीड़ित से 13 ग्राम की सोने की चेन और नौ ग्राम की अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद आभूषणों को रुमाल में बांधकर झोले में रखने का नाटक किया और पत्थर भरा रुमाल थमाकर फरार हो गए।
अधिकारी बनकर रोका
कुछ दूर जाने के बाद रुमाल खोलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। पीड़ित की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कैटोला निवासी विनय कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। उन्होंने बुधवार को नगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
विनय कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को वह दवा खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। कोतवाली चौक के पास उन्होंने सेब खरीदा और इसके बाद घर की ओर चल दिए। निधि चौक के समीप पहुंचते ही दो बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक रोक दी।
अपराध का भय दिखाया
एक युवक ने उनसे कहा कि केंद्रीय टीम के अधिकारी के कहने के बावजूद उन्होंने बाइक क्यों नहीं रोकी। इसके बाद दूसरे युवक ने खुद को केंद्रीय टीम का अधिकारी बताते हुए मधुबनी सहित पूरे बिहार में अपराध बढ़ने की बात कही। बदमाशों ने उन्हें समझाया कि सोने के आभूषण पहनकर बाजार में घूमना सुरक्षित नहीं है।
रुमाल में बदले गहने
बदमाशों ने इसी बहाने भय का माहौल बनाया और पहले उनकी गर्दन से सोने की चेन और फिर अंगूठी उतरवा ली।
दोनों आभूषणों को रुमाल में बांधकर झोले में रखने का दिखावा किया। इसी दौरान हाथ की सफाई से आभूषणों वाला रुमाल बदल दिया और पत्थर भरा रुमाल विनय कुमार को थमा दिया।
रुमाल खोलने पर पत्थर
कुछ दूर जाने के बाद संदेह होने पर विनय कुमार ने रुमाल खोला तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह पत्थर मिले।
इसके बाद वह तत्काल नगर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बदमाशों ने भय का माहौल बनाकर पूरी घटना को अंजाम दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस बदमाशों के भागने वाले रास्ते के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- आवास योजना के नाम पर महिलाओं से ठगी, बक्सर में ₹2-2 हजार लेने के बाद भी सूची से नाम गायब
