विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आवास योजना के नाम पर महिलाओं से ठगी, बक्सर में ₹2-2 हजार लेने के बाद भी सूची से नाम गायब

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:54 PM (IST)

बक्सर के डुमरांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर महिलाओं से 2-2 हजार रुपये लेने के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं आया।

आवास योजना के नाम पर महिलाओं से ठगी

आवास योजना के नाम पर महिलाओं से ठगी

HighLights

  1. महिलाओं ने आवास योजना के लिए 2-2 हजार रुपये दिए।

  2. पैसे देने के बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं हुआ।

  3. बीडीओ ने मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जुड़वाने के लिए पैसा देने के बावजूद नाम शामिल नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को अरियाव पंचायत की दर्जनों महिलाएं प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। 

महिलाओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनालिसा प्रियदर्शनी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

आवास योजना के लिए दिए दो हजार

महिलाओं का आरोप था कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे दो-दो हजार रुपये लिए गए। इसके बावजूद जारी सूची में उनका नाम नहीं आया। सभी महिलाएं दलित परिवारों से हैं। 

योजना का लाभ नहीं मिलने और कथित तौर पर राशि दिए जाने के बावजूद सूची से बाहर रह जाने को लेकर महिलाओं में काफी नाराजगी थी। प्रखंड कार्यालय पहुंचीं महिलाओं के चेहरों पर मायूसी साफ झलक रही थी।

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

महिलाओं ने बीडीओ को दिए आवेदन में कहा कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए किसी तरह राशि की व्यवस्था कर दी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। 

महिलाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आगे भी अपनी मांग को लेकर आवाज उठाएंगी।

बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शनी ने महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कराने और नियमानुसार उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद महिलाएं वापस लौट गईं। शिकायत करने वालों में परदेसिया देवी, मोनिता देवी, देवंती देवी, फूल कुमारी, बुधिया देवी, रेशमी देवी, मोती देवी, रनिया देवी और चिंता देवी समेत दर्जनों महिलाएं शामिल थीं।

यह भी पढ़ें- हाइवे पर रफ्तार की सवारी पड़ेगी भारी, बक्सर में अब स्पीड गन से ऑटोमेटिक कटेगा चालान