मधुबनी में 12 से अधिक डॉक्टरों पर SC-ST Act के तहत केस दर्ज, जांच जारी
मधुबनी में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय कुमार की शिकायत पर 12 से अधिक चिकित्सकों के खिलाफ एससी-एसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मधुबनी में 12 से अधिक चिकित्सकों पर प्राथमिकी दर्ज।
राज्य अनुसूचित जाति आयोग सदस्य की शिकायत पर कार्रवाई।
मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय कुमार की शिकायत पर 12 से अधिक चिकित्सकों के विरुद्ध अनुसूचित जाति-जनजाति थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले में चिकित्सकों पर मारपीट, गाली-गलौज करने और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। एससी-एसटी थानाध्यक्ष चंद्रकिशोर टुड्डू ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, आयोग के सदस्य संजय कुमार ने आरोप लगाया है कि 22 मई 2026 को मधुबनी सर्किट हाउस में उनके साथ घटना हुई थी।
उस समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों के साथ बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोग चिकित्सकों की बहाली में पैसे लेने की शिकायत लेकर पहुंचे थे।
शिकायत के संबंध में चिकित्सक से जानकारी लेने के दौरान कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई।
इस मामले में चिकित्सक डा. अशोक कुमार आनंद, डा. कुणाल कौशल, डा. निरंजन कुमार, डा. धीरेंद्र कुमार, डा. फैयाज, डा. खालिद मंजर, डा. आलोक कुमार, डा. अभिषेक कुमार और डा. उमेश कुमार राय सहित अन्य को आरोपित किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान आरोपों की सत्यता और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल, मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है। गौरतलब है कि मई की घटना को लेकर डाक्टरों ने उसी समय आयोग के सदस्य पर कई तरह के आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में घर लौट रहे डॉक्टर की गर्दन पर चाकू से कई वार, सड़क पर लहूलुहान मिले
