विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में घर लौट रहे डॉक्टर की गर्दन पर चाकू से कई वार, सड़क पर लहूलुहान मिले

Published: Thu, 15 Oct 2026 10:34 PM (IST)

दरभंगा में बाइक से घर लौट रहे एक चिकित्सक डॉ. मो. फरीद पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दरभंगा में डॉक्टर पर बाइक से लौटते समय हमला।

  2. बदमाशों ने गर्दन पर चाकू से कई वार किए।

  3. घायल डॉक्टर की हालत अब खतरे से बाहर।

संवाद सहयोगी, दरभंगा । बिहार में दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र के छोटकी मखनाही के पास दरभंगा-कमतौल मुख्य पथ पर बाइक से घर लौट रहे चिकित्सक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया।

कमतौल थाना क्षेत्र के आलियाबाद अहियारी निवासी स्व. मो. अताउल रहमान के पुत्र डा. मो. फरीद (40) गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हमलावर मौके से फरार हो गए। एक राहगीर ने घटना की जानकारी स्थानीय सरपंच अरमान खां उर्फ मतलूब आलम को दी। सरपंच ने घायल चिकित्सक को सड़क पर लहूलुहान हालत में देखा और मब्बी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की मदद से सरपंच ने उन्हें दिल्ली मोड़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अल्लपट्टी के पास एक अन्य निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, डा. फरीद अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से इंतजार कर रहे हमलावरों ने उनकी बाइक रोकी और गर्दन पर चाकू से कई वार किए।

सरपंच अरमान खां के मुताबिक, हमले में काफी रक्तस्राव होने से चिकित्सक की हालत नाजुक हो गई थी। मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि चिकित्सक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। उनके आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस हमलावरों का पता लगा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

झूला संचालक का भाई चाकू लगने से जख्मी

गौड़ाबौराम। गौड़ाबौराम के सन कन्हैई महादेवपुर गांव में दुर्गा पूजा मेले के दौरान हुई मारपीट में झूला संचालक का 17 वर्षीय भाई पंकज कुमार साहू घायल हो गया। घटना 13 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की है। पंकज के हाथ में चाकू लगा है।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा स्थल पर पांच युवक पहुंचे थे। आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया।

इस दौरान पंकज के हाथ में चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया गया। घायल किशोर ने थाने में आवेदन देकर सन कन्हैई निवासी आजाद, सूफियान और तीन अन्य युवकों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर-दरभंगा ट्रेन में खिड़की से थूक क्या गिरा, बवाल मच गया, प्रवासी परिवार को बेल्ट और बांस से पीटा