समस्तीपुर-दरभंगा ट्रेन में खिड़की से थूक क्या गिरा, बवाल मच गया, प्रवासी परिवार को बेल्ट और बांस से पीटा
समस्तीपुर-दरभंगा लोकल ट्रेन में थूकने के विवाद में थलवारा स्टेशन पर एक प्रवासी दंपती और उनके परिवार को बेरहमी से ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। समस्तीपुर दरभंगा लोकल ट्रेन में थूक फेंकने के विवाद में गुरुवार को थलवारा स्टेशन पर दो महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक युवकों ने राजस्थान से घर आ रहे प्रवासी दंपती को जमकर पीटा।
बीच बचाव करने पर परिवार के सात अन्य लोगों की भी पिटाई की। बेल्ट और बांस के फट्टे से दनादन पीटकर 20 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
मारपीट से ट्रेन की बोगी में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों से सूचना मिलने पर पहुंची एपीएम थाने की पुलिस ने तहकीकात के बाद गंभीर रूप से चोटिल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा।
फिलहाल इमरजेंसी विभाग में उपचार चल रहा है। चोटिल महिला केवटी थाना क्षेत्र के डोमे चक हवाई अड्डा निवासी सोनू सदाय की पत्नी बिंदी देवी (35) है।
डाक्टरों ने पति सोनू सदाय का प्राथमिक उपचार कर डिस्चार्ज कर दिया। पीड़ित सोनू सदाय ने बताया कि राजस्थान में ईंट भट्टे पर परिवार और रिश्तेदारों के साथ काम करते है।
नवरात्रा में मैया की मन्नत पूरी करने परिवार के साथ दरभंगा आ रहे थे। साथ में ससुर, शादीशुदा साली और पांच बच्चे थे। सुबह सात बजे समस्तीपुर में ट्रेन से उतरने के बाद दरभंगा जानेवाली लोकल ट्रेन पर सवार हुए थे।
ट्रेन में साली मंजो देवी खिड़की के बगल में बैठी थी। इसी दौरान उसने खिड़की के बाहर थूक फेंका जो दरवाजे के पास बैठे युवक पर पड़ गया। इसके बाद युवक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग गाली-गलौज करने लगे। इस पर सभी लोगों ने माफी मांगी।
सोनू सदाय ने बताया कि करीब 10.30 बजे थलवारा स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही दो महिलाओं ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद करीब दर्जनभर युवक सभी को बेल्ट और बांस के फट्टे से मारने लगे।
पीड़ित सोनू ने आरोप लगाया कि इस दौरान पैसा वाला बैग छीनकर सभी फरार हो गए। बैग में 20 हजार रुपये थे। स्टेशन पर जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने एंबुलेंस से डीएमसीएच भेजा।
पुलिस ने एक पर्ची भी उन्हें दी। उनकी पत्नी को अंदरूनी चोट है। उसका इलाज चल रहा है। ससुर और साली की भी चोट आई है।
इधर, समस्तीपुर जंक्शन के जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना नहीं मिली है। लोकल पुलिस स्टेशन पर पहुंची थी। पर्ची लेकर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में नई रेल लाइन, बाईपास और दोहरीकरण पर जोर, यात्री सुविधाओं के विस्तार की भी होगी निगरानी
