मधुबनी में रेलवे ट्रैक पर फंसी बस, 69 मिनट तक थमी रही ट्रेनों की रफ्तार
मधुबनी में एक मानवरहित रेलवे फाटक पर यात्री बस ट्रैक पर फंस गई, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर से आ रही ट्रेन संख्या 04013 को समय रहते रोका गया और 69 मिनट तक रेल परिचालन बाधित रहा।

मधुबनी जिले के झंझारपुर में रेलवे ट्रैक पर बस फंसने के बाद आरपीएफ ने किया जब्त। जागरण
HighLights
मधुबनी में रेलवे ट्रैक पर फंसी यात्री बस।
समस्तीपुर से आ रही ट्रेन समय पर रोकी गई।
69 मिनट तक रेल परिचालन बाधित, चालक फरार।
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। रेलवे ट्रैक पर बस फंसने से गुरुवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मानवरहित रेलवे फाटक पार करने के दौरान एक यात्री बस ट्रैक पर ही फंस गई। इस बीच समस्तीपुर की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 04013 को भी रोकना पड़ा।
गनीमत रही कि ट्रेन समय रहते रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। रेलवे सुरक्षा बल ने बस को जब्त कर फरार चालक के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
रेलवे सुरक्षा बल की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष समस्तीपुर को सूचना मिली कि खुटौना (केएचटीएन) और वीपीएच के बीच किलोमीटर संख्या 27/8 स्थित मानवरहित रेलवे फाटक पर एक बस फंस गई है। सूचना मिलते ही ट्रेन संख्या 04013 को रोकने के साथ इंजीनियरिंग और सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को अलर्ट किया गया।
सूचना पर आरपीएफ के एएसआई विकास कुमार यादव और हेड कांस्टेबल अरविंद पासवान मौके पर पहुंचे। वहां रेलवे ट्रैक पर बस संख्या बीआर 50 पी 8533 खड़ी मिली, जबकि ट्रेन संख्या 04013 खुटौना की ओर कुछ दूरी पर रुकी हुई थी।
बस चालक मौके से गायब था। इसके बाद एसएसई (पीडब्ल्यूएवाई) झंझारपुर अरुण कुमार मंडल के सहयोग से जेसीबी मंगाकर बस को ट्रैक से हटाया गया। सुबह 5:25 बजे ट्रैक क्लियर होने के बाद उसे फिट घोषित किया गया और ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
69 मिनट तक बाधित रहा रेल परिचालन
रेलवे ट्रैक पर बस फंसने के कारण करीब 69 मिनट तक रेल परिचालन बाधित रहा। आरपीएफ ने मौके पर ही बस को जब्त कर लिया। जब्त बस अशोक लेलैंड कंपनी की है। इसके बाद बस को आरपीएफ पोस्ट झंझारपुर लाया गया।
एसएसई अरुण कुमार मंडल के लिखित आवेदन पर आरपीएफ पोस्ट दरभंगा में कांड संख्या 1312/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत रेल अधिनियम 1989 (संशोधित 2003) की धारा 147, 154 एवं 174सी में फरार चालक और बस के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई विकास कुमार यादव को सौंपी गई है। रेलवे ट्रैक पर बस छोड़कर चालक का फरार होना रेल सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। समय रहते ट्रेन रुकने और रेलवे कर्मियों की तत्परता से संभावित दुर्घटना टल गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।