मधुबनी में किसका था वह अभागा युवक, आम के बगीचे में बुरी तरह जला मिला शव
Madhubani burnt body : राजनगर, मधुबनी में एक आम के बगीचे में बुरी तरह जला हुआ एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

आम के बगीचे जला युवक का शव।
HighLights
आम के बगीचे में मिला बुरी तरह जला युवक का शव।
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
युवक की पहचान नहीं हो सकी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
संवाद सहयोगी, राजनगर (मधुबनी)। आम के बगीचे में अचानक एक युवक का बुरी तरह जला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कोईलख-मोतीपुर मुख्य सड़क के किनारे हनुमान बाग टोले के समीप हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
करीब 30 वर्षीय युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव की हालत देखकर घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बगीचे में शव मिलने से मची सनसनी
घटना राजनगर थाना क्षेत्र की है। कोईलख-मोतीपुर मुख्य सड़क पर हनुमान बाग टोले के समीप स्थित आम के बगीचे में स्थानीय लोगों ने युवक का जला हुआ शव देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। शव की स्थिति काफी खराब थी। युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार और पुअनि आरती कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर छानबीन शुरू की। इसके बाद एफएसएल की टीम भी पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि चौकीदार के बयान पर स्थानीय थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, अभी युवक की मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।