विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में भारतमाला प्रोजेक्ट के निर्माणाधीन पुल से गिरा भारी आई गटर, बाइक क्षतिग्रस्त, दो युवक बचे

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:16 PM (IST)

मधुबनी में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे पुल से एक भारी स्टील का आई गटर नीचे गिर गया। इससे एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उस पर सवार दो युवक बाल-बाल बच गए।

HighLights

  1. भारी स्टील गटर निर्माणाधीन भारतमाला प्रोजेक्ट पुल से नीचे गिरा।

  2. हादसे में एक बाइक क्षतिग्रस्त हुई, दो युवक सुरक्षित बच गए।

  3. निर्माण एजेंसी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगा।

संवाद सहयोगी, जागरण, मधेपुर (मधुबनी)। Madhubani Bharat Mala Project: मधुबनी में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन पुल पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

भेजा से बकौर तक बन रहे पुल पर नीचे से ऊपर ले जाया जा रहा भारी स्टील का आई गटर अचानक गिर गया।

इसकी चपेट में आने से वहां खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक बाल-बाल बच गए।

पिलर संख्या 64 के पास हादसा

घटना महपतिया पंचायत के मनी महपतिया गांव के पास पिलर संख्या 64 के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, पुल पर बस पड़ाव और ऊपर से नीचे उतरने के लिए सीढ़ी बनाने का काम चल रहा है। बस पड़ाव के निर्माण के लिए क्रेन की मदद से स्टील के बड़े आई गटर ऊपर चढ़ाए जा रहे थे।

फिसल गया बांधने वाला तार

इसी दौरान एक आई गटर को बांधने वाला तार अचानक फिसल गया। इसके कारण गटर आधे रास्ते से सीधे जमीन पर गिर पड़ा।

उस समय सुपौल जिले के गोनवा गांव निवासी घनेश्वर मंडल के पुत्र रविन्द्र कुमार मंडल (22) अपने एक साथी के साथ कुछ दूरी पर बाइक पर बैठकर निर्माण कार्य देख रहे थे।

बाइक छोड़कर भागे युवक

अचानक भारी गटर को नीचे गिरता देख दोनों युवक बाइक छोड़कर वहां से भागे। इस तरह उनकी जान बच गई, लेकिन बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

रविन्द्र ने आरोप लगाया कि जोखिम भरा निर्माण कार्य होने के बावजूद निर्माण एजेंसी की ओर से रास्ते पर आवागमन बंद नहीं कराया गया था और न ही कोई सूचना या चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाया गया था।

पुलिस ने भेजी जांच टीम

युवक ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है। भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर एसआइ हरे राम पासवान को मौके पर भेजा गया था।

फिलहाल विधि-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुल निर्माण से संबंधित किसी अधिकारी का पक्ष नहीं मिल सका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।