कमला बलान खतरे के निशान से उपर
मधुबनी। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र एवं नदी जलग्रहण क्षेत्र में हो रही वर्षा से कमला बलान नदी उफान मार रही है। झंझारपुर में कमला बलान नदी अपने खतरे के लाल निशान 50 मीटर से 1.70 मीटर उपर बह रही है।
मधुबनी। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र एवं नदी जलग्रहण क्षेत्र में हो रही वर्षा से कमला बलान नदी उफान मार रही है। झंझारपुर में कमला बलान नदी अपने खतरे के लाल निशान 50 मीटर से 1.70 मीटर उपर बह रही है। सुबह आठ बजे यह नदी अपने खतरे के निशान से मात्र 1.40 मीटर उपर बह रही थी। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल संख्या एक के कार्यपालक अभियंता विमल कुमार ने बताया कि जलस्तर में प्रत्येक घंटा दस सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसे अभी और बढ़ने की संभावना है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि उनके बांध पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस बीच चीफ इंजीनियर, समस्तीपुर के द्वारा बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल संख्या एक के अधीन पड़ने वाले बांधों का धरातलीय निरीक्षण किया गया है। बांध में कई जगह बारिश से हुए कट को ठीक करने का निर्देश एवं सतत निगरानी का निर्देश उन्होंने कार्यपालक अभियंता को दिया है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल संख्या दो के कार्यपालक अभियंता श्याम कुमार यादव ने भी कमला बलान नदी के दाएं तटबंध को सुरक्षित बताते हुए कहा कि रेन कट को ठीक किया जा रहा है। इस बीच नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तथा बारिश की लगातार संभावना के मद्देनजर आम लोगों में बेचैनी है। विभागीय स्तर पर बांध पर जगह जगह बोरा में बालू भरकर रखा गया है और किसी भी परिस्थिति से मुकाबला करने की तैयारी की गई है।