जय कन्हैया लाल की, मदन गोपाल की
शंख ध्वनि के साथ ढोल-मृदंग, करताल की गूंज के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की शुभ बेला में भक्तों भीड़ उमड़ पड़ी।
मधुबनी। शंख ध्वनि के साथ ढोल-मृदंग, करताल की गूंज के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की शुभ बेला आते ही 'जय कन्हैया लाल की मदन गोपाल की'का उद्घोष गूंज्यमान हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को पूर्व से ही यहां के मंदिरों व विभिन्न पूजा स्थलों पर जारी भजन-कीर्तन गुरुवार मध्य रात्रि से लेकर शुक्रवार की सुबह तक चलता रहा। श्रद्धालु पूरी तरह श्रीकृष्ण भक्ति में डूबे रहे। व्रतियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना कर बाल कृष्ण को माखन-मिश्री व मेवा का भोग अर्पित कर आरती उतारी गई।
जगह-जगह भव्य पंडाल की आकर्षक सजावट
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यहां के विभिन्न मंदिरों के अलावा पूजा क्लब व समितियों द्वारा जगह-जगह भव्य पंडाल की सजावट की गई है। आकर्षक पूजा पंडालों में भगवान कृष्ण के साथ राधा की मनोरम प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र बना है। इन पूजा पंडालों में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गुरुवार को श्री सत्य साईं सेवा समिति द्वारा महराजगंज में विशेष भजन का आयोजन किया गया। सुबह में नगर संकीर्तन निकाली गई। शहर के सुभाष चौक, गिलेशन बाजार, भौआड़ा स्थित मिश्रटोला, चौरी गांव, रहिका, सतलखा, कमलपुर, चंद्रसैनपुर, सतलखा स्थित जनक डीह, दोमंठा सहित अन्य जगहों पर धूमधाम से श्रीकृष्ण पूजनोत्सव अनुष्ठान किया गया। शुक्रवार को कई जगहों पर यहां मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।