विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 400 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

Published: Tue, 21 Apr 2026 09:13 AM (IST)

लौकही थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में 4 क्विंटल गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी। फोटो जागरण

गिरफ्तार आरोपी। फोटो जागरण

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई

  2. 4 क्विंटल गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

  3. सुरक्षा एजेंसियां तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी

संवाद सहयोगी, खुटौना। लौकही थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमा स्तंभ संख्या 238/1 के सामने लगभग 16 सौ मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 4 क्विंटल गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई लौकही थाना पुलिस एवं एसएसबी 18वीं बटालियन बीओपी नारी के सहायक कमांडेंट व इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान एसएसबी 18वीं बटालियन, राजनगर मुख्यालय के कमांडेंट खोजा राम लोमरो के निर्देश पर चलाया गया।

थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि तस्कर नारी व राइस मिल के पास भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, तभी जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान लौकही थाना क्षेत्र के कुरीबन निवासी बिल्टू सदाय तथा तुलसीयाही निवासी धर्मेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।

दोनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसबी व नेपाल एपीएफ ने सीमा पर की संयुक्त पेट्रोलिंग

भारत-नेपाल सीमा के कन्हवां इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एसएसबी और नेपाल एपीएफ ने संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग तेज कर दी है। दोनों देश के जवान दिन-रात सीमा के संवेदनशील हिस्सों में पैदल गश्त कर रहे हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही हैं।

एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, हाल के समय में सीमा क्षेत्र में बढ़ती तस्करी, अवैध आवाजाही और आपराधिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है, वही, रात के समय भी सर्च आपरेशन जारी है।

पेट्रोलिंग के दौरान जवानों ने कन्हवां के आसपास के गांवों, पगडंडियों, खेत-खलिहानों और अनौपचारिक रास्तों की सघन जांच की। दोनों देश के अधिकारियों ने हाथ मिलाकर सीमा पर शांति और सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस संदर्भ में असिस्टेंट कमांडेंट कुहीराम बनिया ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण यहां निगरानी बेहद जरूरी है।

संयुक्त पेट्रोलिंग के माध्यम से दोनों देशों के बीच विश्वास और तालमेल और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा ही एसएसबी की पहली प्राथमिकता हैं। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

यह भी पढ़ें- ससुराल से मिले गिफ्ट नेपालियों के लिए बने मुसीबत, बालेन सरकार के नए नियम से भारतीय वाहन होंगे कबाड़! 

यह भी पढ़ें- नीतीश ने दिखाया सपना, लालू ने किया शिलान्यास; शेरघाटी में क्यों अटकी 550 करोड़ की रेल योजना?