विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में 5 लाख नकद की मांग को लेक पत्नी को पीटकर घर से निकाला, 3 साल का मासूम छीना; पति समेत 5 पर FIR

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:46 AM (IST)

मधुबनी के झंझारपुर में अंजनी देवी ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता का ...और पढ़ें

पत्नी को पीटकर घर से निकाला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

पत्नी को पीटकर घर से निकाला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. दहेज के लिए पत्नी को पीटकर घर से निकाला गया।

  2. पांच लाख नकद और चार लाख के जेवरात छीने गए।

  3. तीन वर्षीय बेटे को जबरन अपने पास रख लिया।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। झंझारपुर के आरएस थाना क्षेत्र के बैरमा गांव में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। विवाहिता अंजनी देवी ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर पांच लाख रुपये नकद मांगने, मारपीट कर घर से निकालने, चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात छीनने और अपने तीन वर्षीय बेटे को जबरन अपने पास रखने का आरोप लगाया है। 

पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना, मधुबनी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 10 मार्च 2016 को हर्ष मिश्र से हुई थी। 

मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव 

आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से पति, सास, ससुर, देवर और ननद चारपहिया गाड़ी खरीदने के लिए मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। असमर्थता जताने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। 

अंजनी देवी ने आवेदन में बताया है कि 12 जून 2026 को हैदराबाद से ससुराल लौटने पर आरोपितों ने फिर रुपये की मांग की। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। 

सोने-चांदी के जेवरात और कपड़े छीने

आरोप है कि उसके सोने-चांदी के जेवरात और कपड़े, जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है, छीन लिए गए। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया और उसके तीन वर्षीय बेटे आदित्य को भी उससे अलग कर अपने पास रख लिया गया। 

पीड़िता ने आवेदन में आशंका जताई है कि उसका बेटा अभी मां का दूध पीता है। ऐसे में उससे अलग किए जाने के कारण बच्चे के साथ किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उसने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है। 

मामले की जांच जारी

मामले में पति हर्ष मिश्र, देवर नंद कुमार मिश्र, ससुर कृष्णकांत मिश्र, सास विमला देवी और ननद शीला देवी को नामजद किया गया है। उक्त मामले को लेकर महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

महिला थानाध्यक्ष रीना भारती ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बच्चे की बरामदगी और जेवरात से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी सिविल कोर्ट से भरण-पोषण का आदेश मिलते ही पति ने ईंट से फोड़ा पत्नी का सिर, मंगलसूत्र भी छीना