अपहरण के आरोपित को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की छापेमारी
मधुबनी। दिल्ली की गोविदपुर थाना पुलिस शुक्रवार को आरएस ओपी की मदनपुर पंचायत स्थित सोहराय गांव में एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार करने पहुंची।
मधुबनी। दिल्ली की गोविदपुर थाना पुलिस शुक्रवार को आरएस ओपी की मदनपुर पंचायत स्थित सोहराय गांव में एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार करने पहुंची। मगर, उसे निराशा हाथ लगी। मामला एक किशोरी के अपरहण का है। सोहराय गांव का अपहरणकर्ता आरएस ओपी के चौकीदार जुम्मन हसन का पौत्र तथा अबुल हसन का पुत्र मो. सत्तार है। वह दिल्ली में मजदूरी करने गया था। उत्तरप्रदेश के कुशीनगर के बगलगीर व्यवसायी की पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामला 18 दिसंबर 2019 का है।
दिल्ली पुलिस ने अपहरण के आरोपित के पिता अबुल हसन को हिरासत में ले लिया है। उससे आरएस ओपी पर पूछताछ की जा रही है। दिल्ली पुलिस के एएसआइ सुरेन्द्र सिंह एवं आरएस ओपी के थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि मो. सत्तार अपने घर सोहराय आया था। साथ ही पिता के संपर्क में था। इस कारण उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पदाधिकारियों ने संभावना जताई कि सही जानकारी नहीं देने पर उसे न्यायालय से स्वीकृति लेकर दिल्ली भी ले जाया जा सकता है। अबुल हसन को ग्रामीणों के सहयोग से ही पकड़ा जा सका है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। ताकि, किशोरी को बरामद किया जा सके।