पश्चिम रेलवे क्रॉसिग के निकट बांध टूटने का खतरा
मधुबनी। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के किसनीपट्टी में भुतही बलान के पश्चिमी तटबंध से जुड़े पश्चिम रेलवे क्रॉसिग के निकट बांध टूटने का खतरा मंडराने लगा है।
मधुबनी। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के किसनीपट्टी में भुतही बलान के पश्चिमी तटबंध से जुड़े पश्चिम रेलवे क्रॉसिग के निकट बांध टूटने का खतरा मंडराने लगा है। तटबंध टूटने की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं। लेकिन, इस ओर किसी का ध्यान नहीं जाने से संभावित बाढ़ को देखते हुए आक्रोश चरम पर है।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों रेलवे ने तटबंध से सटी पश्चिम पुलिया का निर्माण कार्य प्रारंभ किया था। इसे जल संसाधन विभाग की आपत्ति के बाद मिट्टी खोदकर छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि पानी का अत्यधिक दबाव पड़ने पर पुलिया के लिए खोदे गए जगह पर बांध टूट सकता है। बता दें कि उक्त गुमटी के समीप बाढ़ के समय पानी लीकेज के साथ साथ पानी क्रॉस करने का डर बना रहता है। इधर, जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि विभाग से बिना अनापत्ति प्रमाणपत्र लिए रेलवे तटबंध से सटी पश्चिम पुलिया का निर्माण कर रहा था। इस पर रोक लगाते हुए पुलिया के लिए खोदे गए गड्ढ़ा को शीघ्र भरने का निर्देश दिया गया है। कहा, तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। इसकी सतत निगरानी की जा रही है।