छठ घाट पर जाने के लिए परतापुर नदी घाट पर बना चचरी पुल
कमला नदी पार कर छठ घाट तक पहुंचने के लिए झंझारपुर नगर पंचायत क्षेत्र के परतापुर घाट पर स्थानीय लोगों के सहयोग से चचरी पुल का निर्माण किया गया है।
मधुबनी । कमला नदी पार कर छठ घाट तक पहुंचने के लिए झंझारपुर नगर पंचायत क्षेत्र के परतापुर घाट पर स्थानीय लोगों के सहयोग से चचरी पुल का निर्माण किया गया है। स्थानीय लोगों में रामचंद्र मुखिया, रतन यादव, ललन मंडल आदि ने बताया कि कमला नदी के परतापुर घाट में नदी के पूर्वी तटबंध पर जगह के अभाव के कारण छठ पूजा मनाना संभव नहीं होता। इस लिए यहां छठ पूजा से पूर्व चचरी पुल का निर्माण किया जाता है। इस वर्ष पुल निर्माण में लागत एक लाख से ऊपर पहुंच गया है। पूछे जाने पर लोगों ने बताया कि चचरी पुल के निर्माण में नपं प्रशासन द्वारा किसी प्रकार का सहयोग नहीं किया गया है। ग्रामीणों के आपसी सहयोग से ही इस पुल का निर्माण किया गया है। इस पुल का निर्माण मजबूती से किया गया है। ताकि पूजा समाप्ति के बाद भी नदी पार जाने के लिए लोग इसका उपयोग यातायात के लिए करते रहें।