मधुबनी में शराब तस्करों का दुस्साहस, पुलिस गश्ती दल पर पथराव, तीन जवान जख्मी
मधुबनी के बासोपट्टी में शराब तस्करों ने पुलिस गश्ती वाहन पर पथराव किया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और तीन ...और पढ़ें

मधुबनी जिले के बासोपट्टी में पथराव के दौरान क्षतिग्रस्त वाहन।
संवाद सहयोगी, बासोपट्टी (मधुबनी) । शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका नजारा सोमवार देर शाम बासोपट्टी में देखने को मिला।
थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड गांव के निकट शराब तस्करों ने पुलिस की गश्ती गाड़ी पर ही पथराव कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गाड़ी में सवार तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार घटना बभनदई चौक से कोदरकट्टा जाने वाली मुख्य सड़क पर हुई। पीटीसी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शाम की गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी।
पुलिस की गश्ती गाड़ी जब कोदरकट्टा रोड से गुजर रही थी, तभी घात लगाए बैठे शराब तस्करों ने पीछे से पुलिस वाहन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
ईंट-पत्थर लगने से गाड़ी के शीशे टूट गए और कई जवानों को चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। घायल जवानों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना पर पहुंचा भारी पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू की। बताया जा रहा है कि हमला करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस करीब 50 अज्ञात महिला-पुरुषों की पहचान में जुटी हुई है।
पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती माना जा रहा है। इससे पहले भी जिले में शराब धंधेबाजों द्वारा पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन गश्ती वाहन को निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त करना तस्करों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपितों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी में जुटी थी।
