विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 1500 साल पुरानी विष्णु प्रतिमा समेत दुर्लभ धरोहरें गायब, आखिर कहां गईं मूर्तियां

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:54 PM (IST)

मधुबनी के देवहार स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से लगभग 1500 साल पुरानी विष्णु प्रतिमा सहित तीन दुर्लभ पुरावशेष गायब हो ...और पढ़ें

देवहार के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से गायब 1500 साल पुरानी भगवान विष्णु के प्रतिमा। सौ. शिव कुमार मिश्र

देवहार के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से गायब 1500 साल पुरानी भगवान विष्णु के प्रतिमा। सौ. शिव कुमार मिश्र

HighLights

  1. मधुबनी के देवहार मंदिर से तीन दुर्लभ पुरावशेष गायब।

  2. इनमें 1500 साल पुरानी गुप्तकालीन विष्णु प्रतिमा शामिल है।

  3. मुख्यमंत्री से जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। जिस ऐतिहासिक धरोहर में सदियों पुरानी सभ्यता और संस्कृति के निशान छिपे हों, वहां से दुर्लभ मूर्तियों का गायब होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मधुबनी के देवहार स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर से करीब 1500 साल पुरानी विष्णु प्रतिमा समेत तीन दुर्लभ पुरावशेष गायब होने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में मिथिला ललित संग्रहालय, सौराठ के सेवानिवृत्त सहायक संग्रहालयाध्यक्ष शिव कुमार मिश्र ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्राथमिकी दर्ज कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

गुप्तकालीन विष्णु प्रतिमा का पता नहीं

शिव कुमार मिश्र के अनुसार, वर्ष 2016 में शिव मंदिर के पश्चिम स्थित छोटे तालाब से भगवान विष्णु की एक दुर्लभ प्रतिमा मिली थी। इसे गुप्तकालीन यानी लगभग 1500 साल पुराना बताया जाता है।

वर्ष 2017 में अमेरिका के शिकागो स्थित नार्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के एमेरिटस प्रोफेसर और कला इतिहासकार डा. राब लिनरौथ इस प्रतिमा पर शोध के लिए देवहार आए थे। मिश्र का दावा है कि इस तरह की विष्णु प्रतिमा बिहार में पहले नहीं मिली थी।

दुर्गा प्रतिमा और पादपीठ भी गायब

मंदिर के पूरब स्थित टीले से मिली महिषासुरमर्दिनी दुर्गा की प्रतिमा भी गायब है। इसे मिथिला के कर्णाटवंशी राजाओं के शासनकाल यानी 12वीं-13वीं शताब्दी का बताया गया है। इसके अलावा, मंदिर के सामने स्थित तालाब की उड़ाही के दौरान मिली विष्णु प्रतिमा की पादपीठ भी नहीं मिल रही है। इस पर विष्णु, लक्ष्मी और सरस्वती के चरणों के अवशेष थे।

अधिकारियों को आवेदन, कार्रवाई का इंतजार

मिश्र ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को डीएम, एसपी और अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, उनके अनुसार अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले की जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी में शराब तस्करों का दुस्साहस, पुलिस गश्ती दल पर पथराव, तीन जवान जख्मी