विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में कोचिंग सेंटर की लापरवाही से सात साल की बच्ची की मौत, परिवार में मातम

By Manoj Jha Edited By: Ajit kumar
Published: Sat, 09 May 2026 07:56 PM (IST)

Madhubani Accident: मधुबनी के हरलाखी में एक कोचिंग सेंटर की कथित लापरवाही से सात वर्षीय बच्ची की सड़क दुर्घटना में ...और पढ़ें

घटना के बाद शोकाकुल मृत बच्ची के स्वजन। फोटो: स्वजन

घटना के बाद शोकाकुल मृत बच्ची के स्वजन। फोटो: स्वजन

संवाद सहयोगी, हरलाखी (मधुबनी)। NH 227 Road Accident: जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर की कथित लापरवाही के कारण सात वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। कमतौल चौक के पास एनएच 227 पर अज्ञात वाहन ने बच्ची को कुचल दिया। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृत बच्ची की पहचान कमतौल गांव निवासी सतवान महतो की सात वर्षीय पुत्री स्वरागिनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सड़क पर पहुंची बच्ची

जानकारी के अनुसार स्वरागिनी अपनी बड़ी बहन जागृति के साथ कमतौल गोपालपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने गई थी। आरोप है कि निर्धारित समय पर वहां कोई शिक्षक मौजूद नहीं था।

इसी दौरान बच्ची सड़क के दूसरी ओर दुकान से चॉकलेट लेने के लिए दौड़ पड़ी। तभी तेज रफ्तार एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

बड़ी बहन ने मां को बुलाया

हादसे के बाद बड़ी बहन जागृति ने घायल स्वरागिनी को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल थी। आसपास कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था।

इसके बाद बच्ची अपनी मां को बुलाने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर घर तक दौड़कर गई। मां के पहुंचने के बाद स्वरागिनी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दरभंगा रेफर कर दिया।

हालांकि अधिक खून बह जाने के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पिता बाहर करते हैं मजदूरी

बताया गया है कि मृत बच्ची तीन बहनों और एक भाई में शामिल थी। उसके पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं, जबकि घर पर मां और बच्चे ही रहते हैं।घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों का लापरवाही का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कोचिंग सेंटर संचालक और शिक्षक बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं रहते। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों को सड़क पार कराने की कोई व्यवस्था नहीं थी और शिक्षक भी मौके पर मौजूद नहीं थे।

लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण बच्ची की जान चली गई।

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की आधिकारिक शिकायत अभी तक नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।