विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

60 लाख से बेनीपट्टी के नवकी पोखर का बदलेगा स्वरूप, बनेगा बेहतरीन घाट और लगेंगी लाइटें

Published: Mon, 25 May 2026 07:24 PM (IST)

Bihar Budco Scheme:मधुबनी के बेनीपट्टी नगर पंचायत में वार्ड 17 स्थित नवकी पोखर का 60 लाख रुपये की लागत से ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

बेनीपट्टी (मधुबनी), संवाद सहयोगी। Benipatti Nagar Panchayat: मधुबनी जिले के बेनीपट्टी नगर पंचायत क्षेत्र को सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।

नगर पंचायत के वार्ड नंबर 17 स्थित ऐतिहासिक 'नवकी पोखर' तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री समग्र योजना (बुडको) के तहत करीब 60 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से इस तालाब पर एक उच्च स्तरीय (हाई-टेक) घाट का निर्माण कराया जाएगा। संवेदक (ठेकेदार) द्वारा धरातल पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

सोमवार को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) गौतम आनंद, कनीय अभियंता गंगेश प्रियदर्शी, भाजपा नेता जय सुन्दर मिश्र और शालीग्राम झा ने संयुक्त रूप से निर्माण स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रोशनी से जगमगाएगा तालाब

कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि नवकी पोखर में बुडको योजना के तहत बनने वाला यह घाट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

तालाब पर घाट निर्माण का काम पूरा होने के बाद पूरे परिसर में रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी, जिसके लिए चारों तरफ हाई-मास्ट और शानदार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के दृष्टिकोण से तालाबों का संरक्षण और वहां पक्के घाटों का होना बेहद जरूरी है।
इस तालाब पर सुव्यवस्थित घाट बन जाने से स्थानीय आम जनता को न केवल दैनिक कार्यों और छठ जैसे महापर्वों में सहूलियत होगी, बल्कि इससे पूरे इलाके का सौंदर्यीकरण भी काफी बढ़ जाएगा।

ईओ ने संवेदक को सख्त हिदायत दी है कि घाट निर्माण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

विधायक की अनुशंसा पर मिली मंजूरी

मौके पर मौजूद भाजपा नेता जयसुन्दर मिश्र ने बताया कि स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा के विशेष प्रयासों से इस योजना को धरातल पर उतारा जा सका है।
विधायक ने ही मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत वार्ड नंबर 17 के इस नवकी पोखर तालाब पर उच्च स्तरीय घाट निर्माण के लिए विभाग को अपनी अनुशंसा भेजी थी, जिसके आलोक में अब तेजी से काम कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र के अन्य तालाबों और नदियों का भी कायाकल्प हो रहा है। इससे पहले सरिसब गांव के बछराजा नदी पर 48 लाख रुपये की लागत से बुडको के माध्यम से ही एक बेहतरीन घाट का निर्माण कराया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के डिहुलीशेर में भी जल्द ही 50 लाख रुपये की लागत से तालाब पर बुडको के तहत एक और भव्य घाट का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।