मधुबनी में 1.40 लाख से अधिक LPG कनेक्शन ब्लॉक, ई-केवाईसी न कराने से थमी गैस बुकिंग
मधुबनी जिले में 1.40 लाख से अधिक घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन ई-केवाईसी न होने के कारण ब्लॉक कर दिए गए हैं।

उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति करता वेंडर्स। (जागरण)
HighLights
1.40 लाख से अधिक LPG कनेक्शन ई-केवाईसी के कारण ब्लॉक।
उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग सेवा और सब्सिडी लाभ प्रभावित।
ई-केवाईसी के लिए गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। जिले में घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 1 लाख 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं।
बता दें, कि 30 सितंबर के बाद से इन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग सेवा प्रभावित है। आईवीआरएस नंबर, पंजीकृत मोबाइल नंबर और गैस कंपनियों के मोबाइल एप से भी सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है।
नतीजतन, बड़ी संख्या में उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसियों का चक्कर लगा रहे हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक के अनुसार, जिले में करीब 10.37 लाख एलपीजी कनेक्शन हैं।
जिले में इंडेन, एचपी और भारत गैस की कुल 103 एजेंसियां उपभोक्ताओं को सेवा दे रही हैं। ई-केवाईसी सत्यापन पूरा होने तक संबंधित उपभोक्ताओं की नियमित गैस आपूर्ति और बुकिंग प्रभावित रहेगी।
साथ ही, उन्हें सब्सिडी के लाभ से भी वंचित होना पड़ सकता है। आंकड़ों के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की 52 एजेंसियों से जुड़े पांच लाख 910 उपभोक्ताओं में से तीन लाख 94 हजार 275 ने ई-केवाईसी करा लिया है, जबकि 1 लाख 6 हजार 35 उपभोक्ताओं का सत्यापन अब भी बाकी है।
अन्य दोनों कंपनियों के उपभोक्ताओं को जोड़ने पर लंबित ई-केवाईसी का आंकड़ा और बढ़ जाता है। उज्ज्वला योजना के 36 हजार 553 ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिन्होंने छह माह या उससे अधिक समय से गैस रिफिल नहीं कराई है। विभाग इन कनेक्शनों को निष्क्रिय मानकर चल रहा है।
ई-केवाईसी कराने वालों की भीड़ बढ़ी
गैस बुकिंग में आ रही परेशानी के बाद एजेंसियों पर ई-केवाईसी कराने वालों की भीड़ बढ़ गई है। कई जगह उपभोक्ताओं को कतार में लगना पड़ रहा है।
ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं को आधार कार्ड, एलपीजी उपभोक्ता संख्या और पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ एजेंसी से संपर्क करना चाहिए।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक ने बताया कि इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम से जुड़ी एजेंसियों को लंबित ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं से अंतिम समय का इंतजार किए बिना सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि गैस सिलिंडर की बुकिंग में परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- पटना में सिलिंडर ब्लास्ट से तीन मंजिला मकान में भीषण आग, पत्नी की मौत; पति ने तीनों बच्चों को किसी तरह बचाया
