विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में सिलिंडर ब्लास्ट से तीन मंजिला मकान में भीषण आग, पत्नी की मौत; पति ने तीनों बच्चों को किसी तरह बचाया

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Wed, 07 Oct 2026 03:44 PM (IST)

पटना के फुलवारी शरीफ में ईसापुर नहर के पास एक तीन मंजिला मकान में खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से ...और पढ़ें

खाना बनाते समय हुआ सिलिंडर में विस्फोट

खाना बनाते समय हुआ सिलिंडर में विस्फोट

HighLights

  1. फुलवारी शरीफ में सिलेंडर फटने से तीन मंजिला मकान में आग।

  2. हादसे में किरायेदार रेहाना खातून की दुखद मौत हो गई।

  3. आग बुझाने में दमकल की आठ से दस गाड़ियों को मशक्कत।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर नहर के पास बुधवार को खाना बनाने के दौरान सिलिंडर में विस्फोट होने से तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने मकान के ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऊपरी तल के किचेन में मौजूद किरायेदार मो. मन्नान की पत्नी रेहाना खातून की मौत हो गई।

पत्नी को बचाने की कोशिश में मन्नान का हाथ झुलस गया। वहीं, उनके तीन बच्चों ने किसी तरह मकान से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि काबू पाने के लिए दमकल की आठ से दस गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

खाना बनाते समय हुआ सिलिंडर में विस्फोट

बताया गया कि मो. शहाब के तीन मंजिला मकान में मो. मन्नान अपनी पत्नी रेहाना खातून और तीन बच्चों के साथ किराये पर रहते थे। बुधवार को मकान के ऊपरी तल पर बने छोटे किचेन में रेहाना खाना बना रही थीं।

इसी दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद किचेन में आग फैल गई और कुछ ही देर में ऊपरी हिस्सा आग की चपेट में आ गया। रेहाना को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

पत्नी को बचाने दौड़े मन्नान, हाथ झुलसा

घटना के समय मन्नान मकान के नीचे थे। धमाके की आवाज सुनते ही वह पत्नी को बचाने के लिए ऊपर पहुंचे। आग के बीच पत्नी को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान उनका हाथ झुलस गया।

आग तेजी से फैलने के कारण वह पत्नी को बाहर नहीं निकाल सके। इसी बीच उनके तीनों बच्चों ने किसी तरह मकान से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।

आठ से दस दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

आग की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की आठ से दस गाड़ियों को लगाया गया।

घनी आबादी के बीच मकान में लगी आग के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों ने घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

मलबे से निकाला गया महिला का शव

आग बुझने के बाद राहत दल ने मलबे से रेहाना खातून का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

आग में मन्नान के घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। अनाज, कपड़े, रुपये, जेवरात, जरूरी कागजात समेत घर का अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

सिलिंडर में विस्फोट का कारण जानने में जुटी टीम

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है। सिलिंडर में विस्फोट किस कारण हुआ और आग इतनी तेजी से कैसे फैली, इसकी जांच की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।