खजौली में पहले दिन 94 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
मधुबनी । पंचायत आम निर्वाचन चौथे चरण के तहत शनिवार से प्रखंड में नामांकन प्रारंभ हुआ।
मधुबनी । पंचायत आम निर्वाचन चौथे चरण के तहत शनिवार से प्रखंड में नामांकन प्रारंभ हुआ। नामांकन के प्रथम दिन प्रखंड में कुल 94 लोगों ने नामांकन प्रपत्र दाखिल किया। नामांकन को लेकर पंचायत वार अलग अलग काउंटर बनाए गए थे। कुछ काउंटरों पर भीड़ भाड़ देखी गई। वहीं कुछ काउंटर दिनभर खाली दिखा। नामांकन को लेकर प्रखंड परिसर में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था थी। सिर्फ प्रत्याशी एवं उनके प्रस्तावक को मुख्य द्वार के अन्दर प्रवेश दिया जा रहा था। निर्वाची पदाधिकारी(पं.) सह बीडीओ मनीष कुमार ने बताया कि मुखिया पद हेतु कुल 11 लोगों ने नामांकन किया। जिनमें आठ पुरुष एवं तीन महिलाएं हैं। वहीं सरपंच पद हेतु कुल सात लोगों ने नामांकन किया, जिनमें पांच पुरुष एवं दो महिलाएं हैं। जबकि पंचायत समिति सदस्य पद हेतु कुल पांच लोगों ने नामांकन किया जिनमें तीन महिला एवं दो पुरुष हैं। वहीं वार्ड सदस्य पद हेतु कुल 47 लोगों ने नामांकन किया जिनमें 15 पुरुष एवं 32 महिलाएं हैं। ग्राम कचहरी पंच पद हेतु कुल 24 लोगों ने नामांकन किया, जिनमें 16 महिलाएं एवं आठ पुरुष शामिल हैं। जानकारी अनुसार मुखिया पद हेतु बेंता ककरघट्टी पंचायत से मो. अब्दुल कादिर, मो. निशार एवं मोहन झा उर्फ बबलू, खजौली पंचायत से अमरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, सूक़्की पंचायत से अशोक कुमार सिंह ने नामांकन किया। इसके अतिरिक्त मुखिया पद हेतु रसीदपुर, खजौली एवं इनरवा पंचायत से एक एक महिला, कन्हौली, दतुआर एवं सुक़्की से एक एक पुरुष ने नामांकन दाखिल किया। विदित हो कि वार्ड सदस्य एवं ग्राम कचहरी पंच पद पर नामांकन के प्रथम दिन पुरुषों पर महिलाएं भारी पडी। पुरुष से दोगुनी संख्या में महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया।