Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शिवालयों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़

    By Edited By:
    Updated: Mon, 21 Jul 2014 07:29 PM (IST)

    जेएनएन , मधुबनी : सावन की दूसरी सोमवारी को बोल बम व जय शिव के जयकारे के बीच शिवालयों में शिवलिंग पर हजारों की संख्या में कांवरियों ने कमला व अधवारा समूह की नदियों व भूतही नदी के जल से जलाभिषेक किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिला मुख्यालय के शिवालयों में सोमवार सुबह से ही पूजा अर्चना को लेकर शिवालयों में भीड़ लगी रही। समीपस्थ मंगरौनी गांव में एकादशरूद्र शिवालय में बाबूबरही के पिपराघाट से हजारों की संख्या में कांवरियों ने कमला जल लाकर जलाभिषेक किया।

    बिस्फी के भैरवा गांव स्थित उगना महादेव स्थान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों कांवरियों ने जलाभिषेक किया। डीएम गिरिवर दयाल सिंह, एसपी मो. रहमान, अहले सुबह ही भैरवा पहुंचकर शांतिपूर्ण जलाभिषेक की निगरानी में लग गए। बलहा घाट से भैरवा तक पुलिस के जवान मौजूद थे। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। क्षेत्र की संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। महिला बम की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। जिसने जलाभिषेक करने में महिला बमों की मदद की। एक अनुमान के अनुसार आज 50 हजार कांवरियों ने जलाभिषेक किया। कई लोग बलहा घाट से दंड प्रणाम देते हुए शिवधाम पहुंच कर पूजा-अर्चना की।

    राजनगर प्रखंड के सिमरी स्थित भूतनाथ, लडूगांव स्थित गरीबनाथ व नीलकंठ शिवालय, भटसिमर स्थित नीलकंठ महादेव, परसा स्थित पारसनाथ महादेव मंदिर, राजनगर के रामेश्वरनाथ, समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक को भीड़ रही।

    मधवापुर प्रखंड मुख्यालय सहित इलाके के सभी शिव मंदिरों एवं शिवालयों में लोगों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर बड़ी तादात में महिला एवं पुरुष ने व्रत रखकर मंदिरों में पूजा अर्चना की। खासकर बाबा पंचेश्वर नाथ व बाबा नर्वदेश्वर नाथ महादेव मंदिर मधवापुर में हजारों की संख्या में कावरियों का समूह बोलबम का जयकारा लगाते हुए पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के मटिहानी स्थित उत्तर वाहिनी धौंस नदी से पवित्र जल कावर में भर कर भगवान शिव के शिवलिंग का जलाभिषेक किया। मंदिरों में विभिन्न समितियों के द्वारा भजन कीर्तन के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना हुआ था। वहीं साहरघाट से करीब 30 कावरियों का जत्था कावर लेकर पड़ोसी राष्ट्र नेपाल लंगुरखोला स्थित महादेव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुआ।

    पंडौल स्थित भवानीपुर के उगनेश्वर शिवालय सहित विभिन्न शिवालयों में हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।

    रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर शिव पर जयनगर के कमला नदी से जल लाकर हजारों की संख्या में कांवरियों ने बोल बम का नारा लगाते हुए जल अर्पित किया। यहां मध्य रात्रि के बाद ही कांवरियों की भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट खोल दिए गए थे। पुलिस व स्थानीय नवयुवकों ने कांवरियों को जलाभिषेक करने में मदद की।

    लौकही अंधरामठ थाना के महादेवमठ में श्रावन मास के दूसरे सोमवारी को अंकुरित महादेव बाबा बीरभद्र नाथ मंदिर प्रागण हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रधालु भक्तों ने कोसी के पावन जल से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। जिसमें नर-नारी एवं बच्चे शामिल थे।

    बाबूबरही में कमला बलान एवं सोनी नदी के संगम तट पिपराघाट में जल बोझ कावरियों ने मदनेश्वर , विदेश्वर,, मुक्तेश्वर, जटेश्वर, गरीबनाथ आदि मंदिरों जलाभिषेक किया।

    बासोपट्टी में कल्याणेश्वर शिवालय, मुक्तेश्वर महादेव, मनोकामना महादेव फेंट सहित परसा, चिलमिलिया, महथौर सहित अन्य स्थानों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक किया।

    खुटौना में सर्वाधिक भीड़ व चहल पहल बाजार स्थित गरीबनाथ मंदिर में थी। जहां चार बजे सुबह से ही जलाभिषेक आरंभ कर दिया गया। कांवरियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। वहीं जोकही महाकाल व बौरहा प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य शिवमंदिरों में कांवरियों ने जलाभिषेक किया। जयनगर अनुमंडल मुख्यालय से तीन किलो मीटर दूर स्थित शिलानाथ शिवालय, उसराही स्थित भूतनाथ शिवालय सहित जयनगर बस्ती स्थित प्राचीन शिवालय में जलाभिषेक करने को कांवरियों तांता लगा रहा।

    फुलपरास में दूसरी सोमवारी पर व्रतियों एवं श्रद्धालुजनों की अपार भीड़ बाबा भोले नाथ के मंदिरों में जलाभिषेक को उमड़ पड़ी। फुलपरास के बाबा फुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, सिसवा बरही के बाबा विश्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, किसनीपट्टी के अद्भुतनाथ महादेव मंदिर, महादेवमठ के अंकुरि बाबा महादेव मंदिर समेत सिसवार नवटोल तथा प्रसिद्ध जागेश्वर स्थान महादेव मंदिर में कावरियों, शिव भक्तों एवं व्रतियों की दिन भर भीड़ लगी रही।

    जयनगर में विभिन्न शिवालयों में भक्तों का हुजूम जलाभिषेक करने को पहुंचा। पवित्र कमला नदी में जल बोझ कर कपिलेश्वर स्थान, कलानेश्वर स्थान, शिलानाथ धाम, जयनगर बस्ती स्थित जागेश्वर नाथ महादेव, धमियापटटी स्थित रामेश्वर नाथ महादेव, उसराही स्थित भूतनाथ महादेव, समेत अन्य शिवालयों में कावरिया भक्त जलाभिषेक को पहुंचते रहे।शिवभक्त गाजे बाजे के साथ नाचते गाते शिवालय में बाबा के दर्शन को पहुंचते रहे।इस अवसर पर विभिन्न शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाकर भजन कीर्तन व सास्कृतिक कार्यक्त्रम का आयोजन किया गया।

    हरलाखी प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों में सावन की पहली सोमवारी पर शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। कल्याणेश्वर महादेव मंदिर एवं मनोकामना स्थान फुलहर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक किया।

    ------------------------

    बाक्स में

    प्रमंडलीय आयुक्त ने लिया जायजा

    फोटो : 21 एमडीबी 4, 5, 6, 7, 8

    बिस्फी(मधुबनी), संस : जिले में सावन की दूसरी सोमवारी को भैरवा शिव पर शांतिपूर्ण जलाभिषेक हुआ। शांतिपूर्ण जलाभिषेक को ले यहां जिस प्रकार की प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी उससे समाजविरोधी तत्व निष्क्रिय रहे। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक जलाभिषेक संपन्न हुआ।

    यहां प्रथम सोमवारी की तरह कोकिला चौक से रमुनियां, भैरवा, नरसाम, तीसी, बलहा गांव की सड़क पर चप्पे-चप्पे में पुलिस तैनात थी। कोकिला, भैरवा व रमुनियां गांव की सड़क के दोनों किनारे बांस बल्ला लगाकर घेर दिया गया था। वहां मेटल डिटेक्टर लगाया गया था। डीएम गिरिवर दयाल सिंह, एसपी मो. रहमान, एसडीएम मिथिलेश मिश्र, डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर, पुलिस निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, बीडीओ मंडन मिश्र सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। क्षेत्र की संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। जलाभिषेक के समय किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को ध्यान में रखते हुए सैफ के जवान तैनात किए गए थे। इस बार स्वयं एसडीओ मिथिलेश कुमार मिश्र एवं डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर शिवालय परिसर में रहकर निगरानी में लगे थे। आज दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किन्नी भी पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यहां प्रशासन द्वारा जलाभिषेक को ले की गई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। एसडीएम व डीएसपी माइक के सहारे भीड़ को नियंत्रित कर रहे थे।

    जिलाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह एवं एसपी मो. रहमान ने बताया कि पहली सोमवारी की तरह ही इस सोमवारी को सभी व्यवस्थाएं थी। सादे लिबास में जहां पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी वहीं एक दर्जन स्थानों पर सीसी कैमरा लगाए गए थे। पल-पल की वीडियोग्राफी की जा रही थी।