मधेपुरा: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला लापता, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप
मधेपुरा के कुमारखंड प्रखंड से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है, जिसके पति पर हत्या कर शव ...और पढ़ें

हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप
HighLights
कुमारखंड से पूनम देवी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं।
मायके वालों ने पति पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शव की तलाश और जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, कुमारखंड(मधेपुरा)। कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर थाना क्षेत्र की पुरैनी पंचायत के सरहदगति गांव से अनिल राम की पत्नी पूनम देवी गुरुवार की रात से लापता है। मायके वालों का आरोप है कि पति अनिल राम ने ही पत्नी की हत्या कर नहर में फेंक दिया है।
श्रीनगर थाना में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस शव की तलाश में जुटी है। नहर किनारे व चौर में गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।
पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस संबंध में श्रीनगर थाना क्षेत्र की इसरायन बेला पंचायत के अंदीपट्टी वार्ड संख्या 10 निवासी हरिनंदन राम की पत्नी सुरती देवी के आवेदन पर पति अनिल राम समेत घुटर राम, अभिनंदन राम, ज्योति देवी, नीतू देवी, नित्यानंद राम, अजय राम, नरेश राम, विमला देवी, सोनी देवी और कविता देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है।
सुरती देवी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में गुरुवार की रात करीब 11-12 बजे के बीच बच्चों को सुलाने के बाद उनकी बेटी पूनम देवी को उसका पति अनिल राम कहीं लेकर चला गया। आरोप है कि मारपीट के बाद पूनम की गला रेतकर हत्या कर शव को कहीं पानी में फेंक दिया गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
श्रीनगर थाना की पुलिस आरोपित के घर के पश्चिम स्थित गर्ल्स स्कूल के समीप से गुजरने वाली गंगापुर उप-वितरणी नहर के आसपास शव की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के अनुसार केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फरार चल रहे आरोपित पति व ससुराल वाले की भी तलाश में छापेमारी जारी है।
