मधेपुरा में टेंट मजदूर की गोली मारकर हत्या; घर से 100 मीटर पहले सीने में उतारीं 2 गोलियां, दरवाजे पर तोड़ा दम
Madhepura Chausa Murder मधेपुरा के चौसा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक निहत्थे टेंट मजदूर बबलू ...और पढ़ें

Madhepura Chausa Murder : घर के बाहर लोगों की भीड़। पुलिस कर रही है पूछताछ।
HighLights
मधेपुरा में टेंट मजदूर बबलू मेहता की गोली मारकर हत्या।
अज्ञात अपराधियों ने घर से 100 मीटर दूर गोली मारी।
एसडीपीओ पवन कुमार सिंह जांच में जुटे, गिरफ्तारी का आश्वासन।
संवाद सूत्र, चौसा (मधेपुरा)। Madhepura Chausa Murder मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत कलासन में बुधवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक निहत्थे मजदूर की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान कलासन वार्ड संख्या चार निवासी स्वर्गीय कमलेश्वरी मेहता के पुत्र बबलू मेहता के रूप में की गई है। वह स्थानीय विदुर टेंट हाउस में मजदूरी का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
दिल दहला देने वाली यह वारदात उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। गोली लगने के बाद भी बबलू जान बचाने के लिए दौड़ते हुए अपने दरवाजे तक पहुंचा, लेकिन वहां गिरते ही उसकी सांसें उखड़ गईं। मृतक की पत्नी सलिता देवी ने बताया कि बबलू मेहता बुधवार की देर रात कलासन बाजार स्थित गोदाम में टेंट का भारी सामान अनलोड (खाली) कर पैदल ही घर लौट रहे थे।
जब वे घर से लगभग 100 मीटर पहले पहुंचे, तभी अंधेरे में घात लगाकर बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सीने के ठीक नीचे दो गोलियां लगने के बावजूद बबलू ने हिम्मत नहीं हारी और लहूलुहान हालत में भागते हुए अपने घर के आंगन तक पहुंचे।
दरवाजे पर गिरते ही मची चीख-पुकार, अस्पताल में घोषित हुए मृत
घर की चौखट पर पहुंचते ही बबलू अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। शरीर से बहते खून और चीख-पुकार सुनकर परिजन बदहवास होकर बाहर दौड़े। आधी रात को मचे कोहराम की आवाज सुनकर आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से तत्काल चौसा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में जख्मी बबलू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने नब्ज टटोलकर उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
-1790837218451.webp)
न किसी से विवाद, न दुश्मनी; हत्या की वजह से ग्रामीण भी स्तब्ध
बबलू मेहता की अकारण हत्या से पूरे गांव में गहरा सन्नाटा और आक्रोश है। परिजनों के अनुसार, बबलू बेहद सीधा-सादा और मेहनतकश इंसान था, जिसकी पूरे इलाके में किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। मृतक के छोटे भाई महेश कुमार मेहता ने बताया कि उनके भाई का कभी किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुष्टि की कि बबलू केवल अपने काम से मतलब रखता था। ऐसे में एक सीधे-सादे मजदूर को बीच राह में गोलियों से क्यों भूना गया, यह सवाल सभी को झकझोर रहा है।
एसडीओपी ने संभाला मोर्चा, अपराधियों की तलाश में दबिश
वारदात की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से साक्ष्य जुटाए। एसडीपीओ ने परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे का सटीक कारण क्या है और इस वारदात में कौन से अपराधी शामिल थे, इन सभी तकनीकी व गुप्त बिंदुओं पर सघन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के मार्गों की निगरानी कर रही है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
