विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में लापता महिला का बोरी में बंद शव गड्ढे से बरामद, पति समेत 11 लोगों पर हत्या की FIR दर्ज

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:37 PM (IST)

मधेपुरा के श्रीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला का बोरी में बंद शव गड्ढे से बरामद हुआ है। मायके वालों ...और पढ़ें

शव गड्ढे से बरामद (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

शव गड्ढे से बरामद (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. महिला का बोरी में बंद शव गड्ढे से बरामद।

  2. पति अनिल राम समेत 11 पर हत्या का आरोप।

  3. पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। कुमाखंड प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव को बाेरी में बंद कर गड्ढ़े में डाकर जलकुंभी से दबा दिया गया। घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मायके वालों की सूचना पर जांच में जुटी पुलिस व फोरेंसिक टीम ने लगभग छह घंटे की तलाशी के बाद शनिवार शाम को शव बरामद की। 

मृतका की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र की पुरैनी पंचायत के सरहदगति गांव से अनिल राम की पत्नी पूनम देवी(32) के रूप में हुई। मायके वालों ने पति अनिल राम पर ही पत्नी की हत्या कर नहर में फेंक देने का आरोप लगाया था। 

जिसके आधार पर पुलिस की तलाशी अभियान के दौरान शव बरामद की गई। घटना के बाद से पति समेत ससुराल वाले फरार हैं। मृतका को तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा 12 वर्ष और छोटे बच्चे की उम्र करीब पांच वर्ष है।

पति समेत 11 के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

इस संबंध में श्रीनगर थाना क्षेत्र की इसरायन बेला पंचायत के अंदीपट्टी वार्ड संख्या 10 निवासी हरिनंदन राम की पत्नी सुरती देवी के आवेदन पर पति अनिल राम समेत घुटर राम, अभिनंदन राम, ज्योति देवी, नीतू देवी, नित्यानंद राम, अजय राम, नरेश राम, विमला देवी, सोनी देवी और कविता देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

गुरुवार की रात को दिया गया घटना को अंजाम

सुरती देवी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में गुरुवार की रात करीब 11-12 बजे के बीच बच्चों को सुलाने के बाद उनकी बेटी पूनम देवी को उसका पति अनिल राम कहीं लेकर चला गया। 

आरोप है कि मारपीट के बाद पूनम की गला रेतकर हत्या कर शव को कहीं पानी में फेंक दिया गया। श्रीनगर थाना की पुलिस आरोपित के घर के पश्चिम स्थित गर्ल्स स्कूल के समीप से गुजरने वाली गंगापुर उप-वितरणी नहर के आसपास शव की तलाश शुरू की। सुबह से महिला की तलाश में जुटी पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। 

बोरी में बंधा शव बरामद 

फोरेंसिक टीम दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची। आयुष कुमार के नेतृत्व में एफएसएल की टीम और पुलिस ने नहर एवं आसपास के इलाके में बारीकी से छानबीन शुरू की। इसके बाद शाम को नहर किनारे बने एक गड्ढे में जलकुंभी के बीच छिपाकर रखा गया बोरी में बंधा शव बरामद हुआ। 

गर्दन पर मिले निशानों के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। 

वहीं थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मधेपुरा: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला लापता, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप