कोसीवासियों को अभी करना होगा इंतजार: PM नरेन्द्र मोदी नहीं करेंगे फुलौत फोरलेन पुल का उद्घाटन, जानें कब चालू होगा
Madhepura Phulaut Kosi Bridge NH 106 Bihpur Birpur PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर वैशाली पहुंचेंगे, लेकिन मधेपुरा के फुलौत में कोसी नदी पर बन रहे फोरलेन पुल का उद्घाटन नहीं करेंगे। पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है और इसके फरवरी-मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है, जिससे कोसी क्षेत्र के लोगों को अभी इंतजार करना होगा।

Madhepura Phulaut Kosi Bridge NH 106 Bihpur Birpur PM Modi Bihar Visit : बिहार दौरे पर आ रहे पीएम मोदी नहीं करेंगे फुलौत में कोसी नदी पर बन रहे 6.93 किमी लंबे फोरलेन पुल का उद्घाटन
HighLights
पीएम मोदी फुलौत फोरलेन पुल का उद्घाटन नहीं करेंगे।
मधेपुरा के फुलौत पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है।
पुल का उद्घाटन अब फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना।
संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। Madhepura Phulaut Kosi Bridge NH 106 Bihpur Birpur PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार को बिहार दौरे पर वैशाली जिले के राघोपुर पहुंचेंगे, जहां वे गंगा नदी पर बने छह लेन के पुल ('नीतीश सेतु') समेत अन्य योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
उनके दौरे को लेकर कोसी क्षेत्र के लोगों में यह उम्मीद जगी थी कि वे बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 पर मधेपुरा के फुलौत गांव के पास कोसी नदी पर बन रहे करीब सात किलोमीटर लंबे चार लेन पुल का भी उद्घाटन करेंगे। पूरे क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाएं तेज थीं, लेकिन फिलहाल इन अटकलों पर विराम लग गया है।
निर्माण स्थल पर लगा 'कार्य प्रगति पर है' का बोर्ड, डीएम ने भी की पुष्टि
पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर एक बड़ा बैनर लगा दिया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि पुल के उद्घाटन की अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और कार्य प्रगति पर है। साथ ही, लोगों से निर्माणाधीन पुल होकर आवागमन करने की जिद न करने की अपील भी की गई है।
बैनर लगने के बाद प्रधानमंत्री के हाथों कल इसके उद्घाटन की चर्चाओं पर पूर्ण विराम लग गया है। मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने भी स्पष्ट किया है कि फुलौत पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है और इसके उद्घाटन को लेकर कोई आधिकारिक संवाद नहीं हुआ है।
2020 में हुआ था शिलान्यास
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 सितंबर 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोसी नदी पर बनने वाले इस फोरलेन पुल का शिलान्यास किया था। इसका निर्माण कार्य 36 महीने में पूरा होना था और इस हिसाब से परियोजना को वर्ष 2023-24 में ही पूरा हो जाना चाहिए था।
अब फरवरी-मार्च 2027 में उद्घाटन की संभावना
हालांकि, निर्धारित समयसीमा के दो साल बाद भी काम पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। अधिकारियों के अनुसार, लाइटिंग, एलाइनमेंट और बिहपुर की ओर कुछ शेष कार्यों को पूरा करने में अभी करीब तीन महीने का समय और लग सकता है। ऐसे में अब फरवरी-मार्च 2027 तक पुल के उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है।
कोसी नदी पर बन रहा दूसरा सबसे लंबा पुल
फुलौत में बन रहा यह 6.93 किलोमीटर लंबा पुल कोसी नदी पर निर्मित होने वाला दूसरा सबसे लंबा पुल है। वर्तमान में सुपौल जिले के भेजा-बकौर के बीच कोसी नदी पर देश के सबसे लंबे सड़क पुल (13.3 किमी) का निर्माण चल रहा है। इससे पहले राज्य में कोसी नदी पर पांच हाईलेवल पुल— कोसी महासेतु, गंडौल, बीपी मंडल सेतु, नवगछिया का विजयघाट पुल और कुरसेला पुल— बन चुके हैं।
72 से घटकर 12 किमी रह जाएगी दूरी
भागलपुर जिले के बिहपुर से सुपौल जिले के वीरपुर को जोड़ने वाली 106 किमी लंबी एनएच-106 परियोजना दो फेज में बन रही है। इसके दूसरे फेज के तहत उदाकिशुनगंज से बिहपुर तक 28.94 किमी सड़क और पुल निर्माण पर 1,478.84 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अंग-कोसी और मिथिलांचल जुड़ेंगे
इसमें 6.93 किमी लंबे फोरलेन पुल के अलावा दोनों ओर मिलाकर 22 किमी सड़क और सात छोटे पुलों की मरम्मत भी शामिल है। इस पुल के चालू होने से फुलौत और बिहपुर के बीच की दूरी 72 किलोमीटर से घटकर मात्र 12 किलोमीटर रह जाएगी, जिससे नेपाल, उत्तर व दक्षिण बिहार और झारखंड के साथ-साथ अंग, कोसी और मिथिलांचल के बीच सड़क संपर्क बेहद सुगम हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।