मधेपुरा में पप्पू यादव ने खेलकूद प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, राहुल गांधी को बताया युवाओं का विकल्प
मधेपुरा में कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज अभियान' के तहत दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन पप्पू यादव ने किया।
-1787399203973_m.webp)
खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करते पूर्णिया सांसद व अन्य। (जागरण)
HighLights
मधेपुरा में कांग्रेस ने दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया।
सांसद पप्पू यादव ने युवाओं के लिए खेल और शिक्षा को महत्वपूर्ण बताया।
पप्पू यादव ने राहुल गांधी को युवाओं का एकमात्र विकल्प घोषित किया।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। कांग्रेस द्वारा छात्रों की गूंज अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को संत अवध कीर्ति क्रीड़ा मैदान पथराहा में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मृणाल यादव, कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सौरभ ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक संत कुमार थे।
उद्घाटन समारोह में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल भी आवश्यक हैं।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
सांसद ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि गूंज छात्रों और युवाओं की आवाज है, और कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं के लिए एकमात्र विकल्प के रूप में कार्य कर रहे हैं।
पप्पू यादव ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए, बिना किसी राग-द्वेष के।
छात्रों की समस्याओं को लेकर सांसद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीपीएससी से लेकर बिहार एसएससी तक कई जगह गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
छात्रों की समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जाएगा और उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने बढ़ती चीनी की कीमतों और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा, यह कहते हुए कि युवाओं के लिए रोजी-रोजगार का संकट बना हुआ है।
युवाओं को अवसर
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मृणाल यादव ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और आवाज को सामने रखने का अवसर दिया जा रहा है। खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए 800 एवं 1500 मीटर दौड़ हुई, जबकि 13 वर्ष तक के बालकों के लिए 100, 400 एवं 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई।
विजेता प्रतिभागियों को ट्रैक सूट एवं किट बैग पुरस्कार के रूप में दिए गए। रविवार को 12 किलोमीटर बालक रोड रेस और छह किलोमीटर बालक-बालिका रोड रेस प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में मधेपुरा के अलावा सहरसा एवं सुपौल के प्रतिभागी शामिल होंगे।
