विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बाटा का चप्पल है क्या?' खेसारी लाल ने मुस्कुराकर संभाली बात; फ‍िर गरजे MP पप्पू यादव, CRPF जवान को मंच पर धकेला

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:00 PM (IST)

Mp Pappu Yadav Viral Video: मधेपुरा के खुर्दा महोत्सव में सांसद पप्पू यादव सुरक्षाकर्मी को हटाने और उपद्रवियों को चेतावनी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Mp Pappu Yadav Viral Video: मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत इसराइन खुर्द पंचायत में हाल ही में संपन्न हुए ऐतिहासिक खुर्दा महोत्सव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंच पर तैनात अपने सुरक्षा गार्ड (पुलिस/सीआरपीएफ जवान) को हटने का निर्देश देते और कंधे पर हाथ रखकर आगे से हटाते दिखाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर इसे धक्का देने का आरोप बताकर साझा कर रहे हैं, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंच पर अचानक हुए उपद्रव और भारी गहमागहमी के बीच सांसद सुरक्षाकर्मी को मंच खाली करने और सामने से हटने को कह रहे थे। इस प्रकरण पर फिलहाल सांसद की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

खेसारी पर फेंकी चप्पल, गायक ने चुटीले अंदाज में संभाला मंच

दरअसल, विवाद की शुरुआत 23 अक्टूबर की रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान हुई। महोत्सव के मुख्य मंच पर जब लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव अपने गीतों की प्रस्तुति दे रहे थे, तभी दर्शक दीर्घा से किसी असामाजिक तत्व ने अचानक मंच की ओर चप्पल उछाल दी। हालांकि चप्पल किसी को लगी नहीं, लेकिन इस अमर्यादित हरकत से माहौल तनावपूर्ण हो सकता था।

कलाकार खेसारी लाल यादव ने किसी भी प्रकार का गुस्सा या नाराजगी जताने के बजाय बेहद सहज और चुटीले अंदाज में माइक संभाल लिया। उन्होंने चप्पल फेंकने वाले को संबोधित करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा—"बहुत अच्छा बेटा..., बाटा का चप्पल है क्या? बहुत प्यारा था। आई लव यू। तू बहुत आगे जाएगा।"

खेसारी ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि वे आलोचना और विरोध करने वालों का भी सम्मान करते हैं, क्योंकि गलतियों से ही सही और गलत का फर्क समझ में आता है। जब तक कोई गलती नहीं करेगा, तब तक सही रास्ते पर कैसे बढ़ेगा। खेसारी के इस मजाकिया जवाब ने दर्शकों की तालियां बटोर लीं और उन्होंने अपनी प्रस्तुति अनवरत जारी रखी।

Mp Pappu Yadav Khesari Lal Khurda Mahotsav Controversies in Madhepura

उपद्रवियों पर भड़के पप्पू यादव, 2 दिन में कार्रवाई की चेतावनी

मंच पर मौजूद सांसद पप्पू यादव ने इस अशोभनीय व्यवहार पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने माइक से सार्वजनिक रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि महोत्सव में व्यवधान डालने और चप्पल फेंकने वाले उपद्रवी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है। प्रशासन और पुलिस की मदद से उसे अगले दो दिनों के भीतर चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

बिजली के खंभे पर चढ़े युवकों को लगाई कड़ी फटकार

खेसारी लाल यादव की एक झलक पाने के लिए मैदान में उमड़े भारी जनसैलाब के बीच कई मनचले युवक अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली के खंभों पर चढ़ गए थे। इस जानलेवा लापरवाही को देख सांसद पप्पू यादव का पारा चढ़ गया। उन्होंने माइक से कड़े लहजे में युवकों को तत्काल नीचे उतरने की हिदायत दी।

जब कुछ युवक अनसुना करने लगे, तो सांसद ने बेहद सख्त चेतावनी देते हुए उन्हें नीचे उतरवाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। महोत्सव में उपद्रवियों की हरकत, खेसारी की हाजिरजवाबी और सांसद के सुरक्षाकर्मी वाले वीडियो को लेकर सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चाएं गर्म हैं।

यह भी पढ़ें- मंच पर खेसारी आते ही गूंजा 'ठीक है'! खुर्दा महोत्सव में रितेश पांडेय व शिवानी सिंह ने बांधा समा, नेपाल से पहुंचे दर्शक