मंच पर खेसारी आते ही गूंजा 'ठीक है'! खुर्दा महोत्सव में रितेश पांडेय व शिवानी सिंह ने बांधा समा, नेपाल से पहुंचे दर्शक
Khurda Mahotsav Madhepura Khesari Lal Yadav: मधेपुरा के खुर्दा गांव में आयोजित खुर्दा महोत्सव में खेसारी लाल यादव, रितेश पांडेय ...और पढ़ें

Khurda Mahotsav Madhepura Khesari Lal Yadav: मधेपुरा के खुर्दा महोत्सव में खेसारी लाल यादव, शिवानी सिंह और रितेश पांडेय का जलवा
HighLights
खेसारी, रितेश, शिवानी सिंह ने खुर्दा महोत्सव में दी शानदार प्रस्तुति।
बिहार और नेपाल से आए दर्शकों ने महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पारंपरिक कुश्ती, आधुनिक झूले और स्थानीय खान-पान रहे मुख्य आकर्षण।
संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। Khurda Mahotsav Madhepura Khesari Lal Yadav: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन द्वारा मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत पैतृक गांव खुर्दा में आयोजित बहुचर्चित 'खुर्दा महोत्सव' की शुक्रवार रात पूरी तरह भोजपुरी संगीत, लोकसंस्कृति और उमंग के नाम रही।
भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव, सुपरस्टार गायक रितेश पांडेय, युवा कलाकार रौशन रोही और सुरीली गायिका शिवानी सिंह की एक झलक पाने के लिए शाम ढलने से पहले ही मेला परिसर में दर्शकों का विशाल रेला उमड़ पड़ा। जैसे-जैसे शाम गहराती गई, आयोजन स्थल पर जनसैलाब इस कदर बढ़ा कि समूचे मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची।
नेपाल से पहुंचे दर्शक
इस भव्य आयोजन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और पूर्णिया ही नहीं, बल्कि सीमा पार पड़ोसी देश नेपाल से भी भारी तादाद में भोजपुरी संगीत प्रेमी खुर्दा पहुंचे। मंच के करीब जगह सुरक्षित करने के लिए युवा, महिलाएं और बुजुर्ग दोपहर से ही डटे रहे। जैसे ही मंच संचालक ने खेसारी लाल यादव के नाम की घोषणा की, पूरा परिसर सीटियों, तालियों और गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
खेसारी के मंच पर आते ही गूंजा परिसर
खेसारी लाल यादव ने अपने चिरपरिचित ऊर्जावान अंदाज में जैसे ही 'ठीक है', 'सज के संवर के' और 'छपरा में पकड़ाएंगे' जैसे लोकप्रिय गीतों की तान छेड़ी, दर्शक दीर्घा में खड़े हजारों युवा झूमने पर मजबूर हो गए। फैंस अपने मोबाइल टॉर्च जलाकर और वीडियो रिकॉर्ड करते हुए कलाकारों के साथ सुर मिलाते नजर आए।
रितेश के 'हैलो कौन' और शिवानी सिंह की मधुर आवाज का चला जादू
महोत्सव के दूसरे बड़े आकर्षण रहे लोकप्रिय गायक व अभिनेता रितेश पांडेय। उन्होंने अपने मशहूर गीत 'हैलो कौन' सहित कई पारंपरिक लोकगीतों की आधुनिक धुनों पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, अभिनेता रौशन रोही ने अपनी हास्य और संगीत प्रस्तुतियों से लोगों को खूब हंसाया व मनोरंजन किया। भोजपुरी संगीत की चर्चित गायिका शिवानी सिंह ने अपनी मधुर आवाज और ऊर्जावान गायकी से समां बांध दिया।
कुश्ती, पारंपरिक दंगल और झूलों का रहा जबर्दस्त आकर्षण
सांस्कृतिक मंच के अलावा खुर्दा मेले के बाकी हिस्सों में भी जबर्दस्त रौनक रही। मौत का कुआं, जलपरी शो, बच्चों की मिनी ट्रेन, दिलबाग झूला, राम झूला, ब्रेक डांस और टोरा-टोरा जैसे आधुनिक झूलों पर देर रात तक लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। परिवार संग पहुंचे लोगों ने स्थानीय खान-पान और व्यंजनों का लुत्फ उठाया। महोत्सव में युवाओं के लिए पारंपरिक कुश्ती दंगल का भी आयोजन हुआ, जिसमें नामचीन पहलवानों ने दांव-पेंच दिखाए।
सामाजिक एकजुटता और संस्कृति का प्रतीक है महोत्सव: पप्पू यादव
आयोजन की अभूतपूर्व सफलता पर सांसद पप्पू यादव और राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन ने सभी कलाकारों, आयोजकों और उपस्थित जनसमूह को शुभकामनाएं दीं। सांसद ने कहा कि खुर्दा महोत्सव का मूल उद्देश्य केवल सतही मनोरंजन नहीं, बल्कि इलाके में आपसी भाईचारा, कौमी एकता और अपनी समृद्ध ग्रामीण लोककला व संस्कृति को संरक्षित करना है।
उन्होंने कहा कि बिहार के कोने-कोने के साथ-साथ नेपाल से आए दर्शकों की इतनी बड़ी भागीदारी यह साबित करती है कि यह आयोजन अब अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी अमिट पहचान बना चुका है। आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
