सोनपुर की तरह सिंहेश्वर मेले को किया जाएगा विकसित : मंत्री
मधेपुरा । सोनपुर मेले के स्तर तक सिंहेश्वर मेले को ले जाया जाएगा। राज्य स्तर पर सोनपुर के बा
मधेपुरा । सोनपुर मेले के स्तर तक सिंहेश्वर मेले को ले जाया जाएगा। राज्य स्तर पर सोनपुर के बाद सिंहेश्वर मेला ही है। सोनपुर मेले का आयोजन पर्यटन विभाग कर रहा है। भविष्य में सिंहेश्वर मेले का स्तर भी इस लायक कर दिया जाएगा। उक्त बातें राज्य के पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने सिंहेश्वर महोत्सव के उद्घाटन के बाद कही। स्थानीय मवेशी हाट मैदान में रविवार को पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि, लघु सिचाई मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, विधायक सह एससी एसटी कल्याण मंत्री डॉ. रमेश ऋषिदेव, सांसद दिलेश्वर कामेत, डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी संजय कुमार ने किया।
मौके पर पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि सिंहेश्वर महोत्सव की प्रतिष्ठा हर साल बढ़ती जा रही है। बचपन से बिहार में सोनपुर और सिंहेश्वर मेला के बारे में सुनते आ रहे हैं। सोनपुर मेला की तर्ज पर आगे बढ़ने के लिए प्रयास किया जाए। बाहर से आने वाले लोग हमारे मेल के ब्रांड एंबेसडर होते हैं। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के बाद लोगों ने कहा कि राज्य में पर्यटक कम आएंगे। लेकिन साल दर साल यह संख्या बढ़ते जा रही है। लोग बिहार शराब पीने नहीं बिहार दर्शन के लिए आते हैं। बाहरी लोग हमारे ब्रांड एम्बेसेडर की तरह प्रचार करते हैं। सिंहेश्वर मेले में भी बाहर से आने वाले लोगों को वैसा माहौल देना होगा। मंत्री नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि भारत की गंगा जमुनी संस्कृति हमारी धरोहर है। सिंहेश्वर महोत्सव के माध्यम से हम अपने पुरखों एवं देवी देवताओं को याद करते हैं। 2019-20 में राज्य में 11 लाख से अधिक पर्यटक आए। पर्यटक को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। एससी-एसटी कल्याण मंत्री डॉ. रमेश ऋषिदेव ने कहा कि इस बार महोत्सव को 12 दिन का कर दिया गया है। इसमें तीन दिन बॉलीवुड के कलाकार और नौ दिन रामायण का मंचन किया जाएगा। महोत्सव को इस विस्तार देने के लिए उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने काफी सहयोग दिया। सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि सिंहेश्वर मेला का ऐतिहासिक महत्व रहा है। वर्षों से यहां लोग बाबा का पूजा करने बिहार भर से आते हैं। बदलते समय से साथ मेला के स्वरूप में परिवर्तन हुआ है। बावजूद मेला का आनंद बढ़ते जा रहा है। उद्घाटन में आए अतिथियों का स्वागत गान गाकर शशिप्रभा जायसवाल ने स्वागत किया। स्वागत भाषण एडीएम शिव कुमार शैव ने दिया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी बिनोद प्रसाद सिंह ने किया। इससे पूर्व साहित्यकार हरिशंकर श्रीवास्तव और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित तबला वादक प्रो. योगेंद्र प्रसाद यादव,भूपेंद्र नारायण मधेपुरी, सियाराम यादव को डीएम ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में एडीएम उपेन्द्र कुमार, एसडीओ वृंदा लाल, एनडीसी रजनीश कुमार राय, जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. विजेंद्र यादव, प्रमुख चंद्रकला देवी, पूर्व उपप्रमुख राजेश कुमार झा, दीपक यादव, प्रदीप यादव,जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल, दानीलाल मंडल,मोहन मिश्रा आदि मौजूद रहे।