विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'परीक्षा देने आती हो या मिलने?', मधेपुरा में छात्रा और लड़कों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन बेखबर

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:14 PM (IST)

मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में एक छात्रा और उसके साथी को कुछ लड़कों ने स्कूल के पास घेर लिया और हाथापाई ...और पढ़ें

मधेपुरा में छात्रा और लड़कों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन बेखबर (AI Generated Image)

मधेपुरा में छात्रा और लड़कों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन बेखबर (AI Generated Image)

HighLights

  1. मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में छात्रा से दुर्व्यवहार का मामला।

  2. स्कूल के पास लड़के को घेरकर की गई हाथापाई।

  3. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल।

संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। जमुई जिले में पिछले दिनों छात्रा के साथ हुई अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में एक नया मामला सामने आ गया है। मामला थाना क्षेत्र के उत्क्रमित हाई स्कूल उदा के पास का बताया जा रहा है।

यहां एक छात्रा से मिलने पहुंचे लड़के को कुछ छात्रों और स्थानीय किशोरवय लड़कों ने घेर लिया। उनका कहना है कि छात्रा व लड़का स्कूल के पास झाड़ी में अश्लील हरकतें कर रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक होती है।

इसी बीच, भीड़ में शामिल कुछ लड़कों द्वारा छात्रा के साथ मौजूद किशोर की बाइक की चाबी छीन ली जाती है। बात कहासुनी से बढ़कर धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच जाती है।

इसी दौरान कुछ लड़कों द्वारा इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया गया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है। हालांकि, दैनिक जागरण सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

इधर, इस संबंध में स्कूल के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने ऐसे किसी भी घटनाक्रम से साफ इनकार किया है। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार का भी कहना है कि उन्हें इस तरह के वायरल वीडियो की कोई जानकारी नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के पास मनचले लड़के मंडराते रहते हैं। स्कूलों में छुट्टी के बाद ऐसे लड़के छात्राओं को देखकर फब्तियां कसते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विवाद के दौरान कुछ महिलाएं भी वहां पहुंच जाती हैं।

छात्रा लड़कों से उलझती नजर आ रही है। वहीं, उसे घेरने वाले लड़के वीडियो में यह कहते दिख रहे हैं कि "परीक्षा देने आती हो या लड़के से मिलने?" इस तरह की टिप्पणी पर छात्रा कड़ी प्रतिक्रिया देती भी दिख रही है।

इसी बीच छात्रा के साथ मौजूद किशोर की बाइक की चाबी छीने जाने पर मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में सख्ती बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में जमुई जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

मालूम हो कि 21 से 23 सितंबर तक उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही है।

स्कूल परिसर में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। परिसर से बाहर क्या हुआ, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। वायरल वीडियो के बारे में भी मुझे कुछ पता नहीं है। - रविंद्र कुमार, प्रधानाध्यापक, उत्क्रमित हाई स्कूल उदा, उदाकिशुनगंज

छात्रा व उसके साथी के साथ दुर्व्यवहार जैसे किसी घटनाक्रम की कोई सूचना नहीं मिली है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के बारे में भी पता नहीं है। पुलिस के पास इस तरह की कोई शिकायत भी सामने नहीं आई है। - सुधाकर कुमार, थानाध्यक्ष, उदाकिशुनगंज

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़खानी कांड का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी, 120 अकाउंट के खिलाफ होगा एक्शन

यह भी पढ़ें- जमुई बैड टच कांड : दोस्‍त के साथ मड़वा पहाड़ से जिल्लत झेल भागी छात्रा, तो 15 मिनट बाद दरिंदा बनकर आया नंदन यादव