विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कृष्ण भक्ति : 'छाप तिलक सब छीन ली...' और राग मालगुंजी की प्रस्तुति ने मधेपुरा गोपाष्टमी महोत्सव को बनाया खास

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:46 AM (IST)

Madhepura Rajkiya Gopashtami Mahotsav : मधेपुरा में कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। इस महोत्सव में बिहार की सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने पर जोर दिया गया, जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

Madhepura Rajkiya Gopashtami Mahotsav :

Madhepura Rajkiya Gopashtami Mahotsav : 

HighLights

  1. तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य उद्घाटन हुआ।

  2. सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत, क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला।

  3. स्नेह उपाध्याय सहित कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

संवाद सहयोगी, मधेपुरा। Madhepura Rajkiya Gopashtami Mahotsav : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार (पटना) और जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में गौशाला परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव-2026 का रविवार की संध्या भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान से हुई। इसके बाद अतिथियों का पौधा, स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (3)

महोत्सव का विधिवत उद्घाटन बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव और मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. अजय कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य अतिथियों व अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत एवं अध्यक्षीय संबोधन में एडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (1)

नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कला एवं संस्कृति के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन को जीवन का विस्तार और सार बताते हुए कहा कि गोपाष्टमी महोत्सव जैसे आयोजन क्षेत्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार का सशक्त माध्यम हैं। इससे जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और मंच मिलेगा।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (7)

वहीं, मुख्य अतिथि विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जीवन के सभी रूपों के सर्वश्रेष्ठ आदर्श हैं। उन्होंने इस महोत्सव को मधेपुरा की सामाजिक और पारंपरिक विरासत को व्यापक स्तर पर स्थापित करने वाला आयोजन बताया।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (2)

राधा-कृष्ण लीला, लठमार होली नृत्य और स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां

उद्घाटन सत्र के बाद स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभागार को सुर-ताल में डुबो दिया। गायिका मधुबाला कुमारी ने ‘छाप तिलक सब छीन ली रे, मोह से नैना मिलायके...’ से शुरुआत की, जिसके बाद प्रो. अरुण कुमार बच्चन ने ‘कुटुंब तजी शरण राम तेरी आयो...’ भजन प्रस्तुत किया। योगेंद्र नारायण यादव ने राग मालगुंजी में छोटा ख्याल और संजीव कुमार ने ‘सादगी तो हमारी जरा देखिए...’ की प्रस्तुति दी।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (4)

इसके बाद मां विंध्याचल कला केंद्र के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं और लठमार होली के गीतों—‘बरसाना मिला है...’, ‘वृंदावन रास रचे...’, ‘तुम प्रेम हो, तुम प्रीत हो...’ और ‘मेरे खो गयो बाजूबंद, रसिया होरी में...’—पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (9)

स्नेह उपाध्याय ने लूटी महफिल, एडीएम और पदाधिकारियों ने भी मिलाया सुर

सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध गायिका स्नेह उपाध्याय ने मंच संभाला तो पंडाल में मौजूद हजारों दर्शक देर रात तक झूमते रहे। उन्होंने ‘आई गिरी नंदिनी...’, ‘बांके बिहारी तोहे मोटे-मोटे नैन...’, ‘सांसों की माला पे...’, ‘दमादम मस्त कलंदर...’, ‘मेरे रश्के कमर...’ से लेकर लोकप्रिय गीत ‘हैलो कौन, हम बोल रहे हैं...’ तक की प्रस्तुति दी।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (8)

गायन के दौरान स्नेह उपाध्याय ने दर्शक दीर्घा में मौजूद स्थानीय कलाकार मधुबाला कुमारी और युवा गायक सौरव कुमार को मंच पर बुलाकर अपने साथ गवाया। यही नहीं, उनके आग्रह पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने उनके साथ ‘दमादम मस्त कलंदर...’ गाया, जबकि एडीएम अरुण कुमार सिंह ने ‘श्यामा तेरे चरणों की, अगर धूल जो मिल जाए...’ भजन गाकर खूब तालियां बटोरीं।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (5)

कलाकार हुए सम्मानित, आज देवाशीष दास गुप्ता सजाएंगे शाम

संचालन समिति के अध्यक्ष व डीडीसी अरुण कुमार तथा सदस्य सचिव आम्रपाली कुमारी ने बताया कि तीनों दिन शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। महोत्सव के समापन दिन मंगलवार (24 नवंबर) को स्थानीय व क्षेत्रीय कलाकारों के साथ प्रसिद्ध पार्श्व गायक देवाशीष दास गुप्ता सांस्कृतिक संध्या को खास बनाएंगे।

Madhepura Gopashtami Mahotsav 2026 Cultural Extravaganza (6)

कार्यक्रम के अंत में डीडीसी अरुण कुमार, एडीएम आपदा मुकेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी और श्री गौशाला के सचिव पृथ्वीराज यदुवंशी ने कलाकारों को मोमेंटो एवं शॉल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर साहित्यकार डॉ. भूपेंद्र नारायण यादव मधेपुरी, समाजसेवी शौकत अली, सांसद प्रतिनिधि बिजेंद्र यादव, प्रो. अरुण कुमार और किशोर कुमार सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जबकि उद्घोषिका शशि प्रभा जायसवाल ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में विशेष रंग भरा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।