मधेपुरा में बड़ी वारदात : बैंक से रुपये निकालकर जा रहे CSP संचालक को बदमाशों ने मारी गोली, साढ़े 7 लाख लूटे
मधेपुरा में बैंक से साढ़े सात लाख रुपये निकालकर लौट रहे सीएसपी संचालक सीमांत सुंदरम को बाइक सवार अपराधियों ने ...और पढ़ें

मधेपुरा के गेहुमनी गांव के पास अपराधियों की बड़ी वारदात
HighLights
सीएसपी संचालक को गोली मारकर साढ़े सात लाख लूटे।
बैंक से पैसे निकालकर लौटते समय हुई वारदात।
घायल संचालक मेडिकल कॉलेज में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। मधेपुरा जिला मुख्यालय से सटे भर्राही थाना क्षेत्र के गेहुमनी गांव के समीप स्थित पुल के पास बाइक सवार अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने बैंक से पैसे लेकर लौट रहे सीएसपी संचालक सीमांत सुंदरम उर्फ मिट्ठू को गोली मार दी और उनसे साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए।
गर्दन में गोली लगने से हालत नाजुक, मेडिकल कॉलेज रेफर
यह सनसनीखेज वारदात बुधवार की शाम लगभग छह बजे की है। गर्दन में गोली लगने के कारण सीएसपी संचालक बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
-1782920779085.jpg)
मधेपुरा के बैंक ऑफ इंडिया से पैसे निकाल लौट रहे थे घर
घायल सीएसपी संचालक भर्राही थाना क्षेत्र के महेशुआ वार्ड संख्या 12 के रहने वाले हैं। पीड़ित के भाई सोनू कुमार ने बताया कि सीमांत सुंदरम शाम करीब पांच बजे मधेपुरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 7.5 लाख रुपये निकालकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव महेशुआ लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने घेर लिया।
चेहरा ढके तीन हथियारबंद अपराधियों ने बुलेट को रोका
गेहुमनी और महेशुआ गांव के बीच एक ही बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने सीमांत की बुलेट को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। इनमें से दो अपराधियों ने गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था। जब सीमांत ने बाइक रोकने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उन्हें सीधे गर्दन में गोली दाग दी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
-1782920909414.jpg)
राहगीरों को भी गोली मारने की धमकी देकर फैलाई दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लूटपाट की इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सड़क पर मौजूद अन्य राहगीरों को भी गोली मारने की सीधी धमकी दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत भर्राही थाना पुलिस को इस खूनी वारदात की सूचना दी।
पुलिस टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह सघन छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी सीएसपी संचालकों को बड़ी रकम ले जाते समय पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन सीमांत बिना किसी सुरक्षा या सूचना के इतनी बड़ी रकम अकेले लेकर जा रहे थे, जिसका बदमाशों ने फायदा उठाया।
