विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में भाजपा नेता के घर में खूनी संघर्ष, भाई और सालों ने मिलकर विकास को पीटा; फिर सीने में दाग दी गोली

Published: Wed, 01 Jul 2026 03:08 PM (IST)

कटिहार में घर के बंटवारे के विवाद में भाजपा जिला महामंत्री के भाई विकास यादव को गोली मार दी गई, ...और पढ़ें

कटिहार के हवाई अड्डा क्षेत्र में हुआ खूनी खेल

कटिहार के हवाई अड्डा क्षेत्र में हुआ खूनी खेल

जागरण संवाददाता, कटिहार। कटिहार शहर के हवाई अड्डा वार्ड संख्या-41 में मंगलवार को घर के बंटवारे का विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना में विकास यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली सीधे उनके सीने में लगी है, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

भाजपा जिला महामंत्री के सगे छोटे भाई हैं घायल

घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और घायल विकास को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायल विकास यादव, भाजपा के जिला महामंत्री ओम प्रकाश यादव के सगे छोटे भाई हैं।

Katihar BJP Leader Brother Shot in Property Dispute (1)

मंझले भाई अखिलेश और उसके सालों पर लगा आरोप

इस वारदात में विकास के मंझले भाई अखिलेश यादव और उनके साले चिंटू यादव व बिट्टू यादव पर गोली मारने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। घायल के ससुर विनोद यादव ने बताया कि घर के हिस्से और बंटवारे को लेकर भाइयों में लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था।

किचन में तोड़फोड़ के बाद कमरे में की बेरहमी से पिटाई

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को अखिलेश यादव ने साजिश के तहत अपने दोनों सालों (बिट्टू और चिंटू यादव) को घर पर बुलाया। इसके बाद इन तीनों ने मिलकर घर के किचन में घुसकर भारी तोड़फोड़ की और फिर कमरे में जाकर विकास यादव की बेरहमी से लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।

हाथ से रोकने पर चूका दूसरी गोली का निशाना, बची जान

ससुर ने बताया कि पिटाई के दौरान ही आरोपी चिंटू यादव ने पिस्तौल निकालकर विकास पर फायरिंग कर दी। पहली गोली सीधे विकास के सीने में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली चलते ही विकास ने उसे हाथ से रोकने की कोशिश की, जिससे गोली का निशाना चूक गया और उनकी जान बच गई।

मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर रेफर, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों का दावा है कि अगर दूसरी गोली नहीं चूकती तो वहां खड़ी उनकी बेटी भी इसकी चपेट में आ सकती थी। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकले। घायल को पहले कटिहार मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।