लिफाफे में रिश्वत लेते वीडियो वायरल! नपे मधेपुरा के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, डीएम की जांच में खुली थी काली करतूत
Madhepura Civil Surgeon Suspended:मधेपुरा के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार को भ्रष्टाचार और रिश्वत लेने के गंभीर आरोपों में निलंबित ...और पढ़ें

Madhepura Civil Surgeon Suspended: मधेपुरा के निलंबित सिविल सर्जन डा. विजय कुमार।
HighLights
मधेपुरा सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित।
रिश्वत लेते वायरल वीडियो की डीएम की जांच में पुष्टि हुई।
अवैध वसूली और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप थे।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Madhepura Civil Surgeon Suspended: भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए बिहार स्वास्थ्य विभाग ने मधेपुरा के सिविल सर्जन (CS) डा. विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट और गठित 'प्रपत्र क' (आरोप पत्र) पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव रेणु कुमारी ने शुक्रवार को निलंबन का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया। निलंबित सिविल सर्जन को विभागीय मुख्यालय में अटैच किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सिविल सर्जन डा. विजय कुमार पर सील किए गए 'सत्यम हॉस्पिटल' को अवैध रूप से खुलवाने के लिए मोटी रकम लेने, निजी अस्पतालों व नर्सिंग होम की जांच और परमानेंट लाइसेंस निर्गत करने के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप थे। इंटरनेट मीडिया पर रिश्वत लेते वायरल हुए वीडियो की जिलास्तरीय तीन सदस्यीय टीम द्वारा की गई जांच में आरोप शत-प्रतिशत सत्य पाए गए, जो पद के दुरुपयोग और भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में आता है।
मधेपुरा के सिविल सर्जन डा. विजय कुमार को रिश्वत लेने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में स्वास्थ्य विभाग ने किया निलंबित
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की तीन सदस्यीय जांच टीम रिपोर्ट के आधार पर गठित 'प्रपत्र क' पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया कड़ा संज्ञान
सील सत्यम अस्पताल खुलवाने और निजी नर्सिंग होम के लाइसेंस के नाम पर लिफाफे में नकद रुपये लेते वीडियो हुआ था वायरल
निलंबन के बाद जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. विपिन कुमार गुप्ता को वित्तीय शक्तियों के साथ सिविल सर्जन का सौंपा गया प्रभार
डा. विपिन कुमार गुप्ता को मिला वित्तीय प्रभार, स्वास्थ्य महकमे में बड़ा फेरबदल
सिविल सर्जन के निलंबन के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूसरी व तीसरी अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. विपिन कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सभी वित्तीय शक्तियों के साथ सिविल सर्जन सह असैनिक शल्य चिकित्सक का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा गैर संचारी रोग पदाधिकारी डा. रंजना कुमारी को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड के वरीय चिकित्सक डा. वेद प्रकाश गुप्ता को अपर उपाधीक्षक सह एसीएमओ की नई जिम्मेदारी दी गई है।
लिफाफे में नकद लेते वीडियो हुआ था वायरल, DM की जांच में खुली पोल
पूरे मामले की शुरुआत इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित दो वायरल वीडियो से हुई थी। एक वीडियो मुरलीगंज स्थित डा. राजेश कुमार के नर्सिंग होम और दूसरा उदाकिशुनगंज स्थित डा. पी. आलम के ग्लोबल नर्सिंग होम का था।
वीडियो में सिविल सर्जन लिफाफे में नकद रुपये लेकर जेब में रखते दिखाई दे रहे थे। 17 अगस्त को मामले पर संज्ञान लेते हुए डीएम अभिषेक रंजन ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की थी।
तारीख 19 अगस्त को जांच टीम ने दोनों स्थलों पर जाकर छानबीन की, जहां संबंधित डॉक्टरों व दवा दुकानदारों ने रिश्वत देने की बात स्वीकार की। इसके लिखित व वीडियो साक्ष्य जुटाने के बाद 26 अगस्त को डीएम ने रिपोर्ट के साथ प्रपत्र 'क' गठित कर स्वास्थ्य विभाग को भेजा था, जिस पर अब यह बड़ी दंडात्मक कार्रवाई हुई है।
